फिर एक बेटी को कोख में ही मार डाला गया। उसे पॉलीथिन में लपेटकर कूड़े के ढेर पर फेंक दिया गया। कौवों को भ्रूण खाता देखकर कुछ राहगीरों ने मड़ियांव थाने में सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने भ्रूण के बचे हिस्से को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
एसओ मड़ियांव का कहना है कि भ्रूण छह माह का लग रहा है। उसके सभी अंग लगभग बन चुके थे। भ्रूण को कपड़े में लपटने के बाद पॉलीथिन में भर कर फेंक दिया गया था।
पल्टन छावनी स्थित रैन बसेरा के पीछे दोस्तों संग खेल रहे सात साल के आशिद ने बताया कि नीली पैंट और काला जाकेट पहने हुए एक युवक ने दोपहर में ही पॉलीथिन को यहां फेंका था। फेंकते ही पॉलीथिन फट गई और भ्रूण बाहर निकल आया। इसके बाद कुछ देर बाद कौवों ने उसे नोंचना शुरू कर दिया तो बच्चे शोर मचाने लगे।