सूबे की जेलों में बंद कैदी जल्द ही अपने परिवार से टेलीफोन पर बात कर सकेंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार जेलों में बंदी पीसीओ लगाने जा रही है। इन पीसीओ से कैदी सप्ताह में एक दिन पांच मिनट अपने परिवार से बात कर सकेगा। बंदी पीसीओ लगाने के लिए सरकार ने 370 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं।
तिहाड़ जेल में कैदियों को उनके परिवार से फोन पर बात कराने के लिए पीसीओ की व्यवस्था की गई है। उसी तर्ज पर प्रदेश सरकार ने भी सूबे की जेलों में कैदियों को सुविधा देने का फैसला किया है। इसके तहत बीएसएनएल सूबे की जेलों में पीसीओ लगाएगा।
सॉफ्टवेयर से नियंत्रित होगा बूथ
सॉफ्टवेयर के माध्यम से यह पीसीओ संचालित होगा। यानी सबकुछ ऑटो होगा। टेलीफोन बूथ में जाने पर कैदी को अपना अंगूठा निर्धारित स्थान पर रखना होगा।
इसके बाद कैदी की ओर से पहले से अपने परिवारीजन के दिए गए दो नंबर फ्लैश हो जाएंगे। जिस नंबर पर वह बात करना चाहेगा उसको टच करते ही डायलिंग शुरू हो जाएगी। पांच मिनट पूरे होते ही फोन स्वत: डिसकनेक्ट हो जाएगा।