लखनऊ। इंदिरानगर के सेक्टर-12 निवासी हाईकोर्ट में सेक्शन अधिकारी प्रशांत अवस्थी की कार तीन बदमाश 12 अगस्त की देर रात लूट ले गए। 19 अगस्त को उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। बुधवार को इस मामले में गाजीपुर थाने में लूट का केस दर्ज किया गया।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि 12 अगस्त की रात प्रशांत अवस्थी ने पॉलीटेक्निक स्थित मॉडल शॉप से शराब खरीदी और कार में ही पी। इसके बाद वह सो गए। देर रात जब उनकी आंख खुली तो उन्होंने खुद को कार की पिछली सीट पर पाया। कार में पहले से तीन बदमाश मौजूद थे। किसी तरह प्रशांत कार से बाहर निकले और आरोपी उनकी कार लूट ले गए। घटना के बाद वह मड़ियांव थाने पहुंचे और शिकायत की। इसके बाद 19 अगस्त को उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। अब बुधवार को इस मामले में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गाजीपुर थाने में केस दर्ज किया गया है।
एसीपी ने बताया कि जांच में घटनास्थल इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा पाया गया है। जल्द केस को मड़ियांव पुलिस को ट्रांसफर कर दिया जाएगा। पीड़ित प्रशांत के अनुसार लूटी गई कार में उनका मोबाइल फोन भी मौजूद था।