गोमतीनगर विस्तार थाने में किसान ने बैंक ऑफ महाराष्ट्रा के शाखा प्रबंधक, फ्यूचर टेक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. की दो निदेशक समेत पांच पर जमीन व 95 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा केस दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया, गोमतीनगर विस्तार निवासी विजयभानु जगपाल खेड़ा भरवारा के रहने वाले हैं। उनके पिता छविनाथ की जमीन थी। जिसे फ्यूचरटेक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. ने 1.20 करोड़ में खरीदी। इसके बदले में कंपनी ने चेक दिया। जिस पर तारीख नहीं दर्ज थी। इसका जिक्र भी रजिस्ट्री में किया गया। कंपनी ने जो चेक दिया था, वह बैंक ऑफ महाराष्ट्रा के गोमतीनगर शाखा का था जिसमें प्रबंधक अशोक बहादुर सिंह हैं। कंपनी ने शुरूआती दौर में चेक से भुगतान न कराने की बात कही। इसके बाद गीतापुरी खरगापुर निवासी विवेक चित्रवंशी के जरिए कंपनी ने भुगतान कराने की साजिश रची।
आरोप है कि इसके जरिए कंपनी ने चेक का जो भी भुगतान किया। वह छविनाथ के खाते से विवेक ने अपने खाते में तत्काल स्थानांतरित करा लिया जो बाद में अशोक की मदद से कंपनी के खाते से वापस चला गया। विजय भानु का आरोप है कि कंपनी ने उनके पिता को कुल 1.20 करोड़ रुपये के बदले में 19 लाख रुपये दिए। इसके अलावा सारी रकम कंपनी की दो निदेशक कल्पना श्रीवास्तव व सुशीला श्रीवास्तव और बैंक मैनेजर ने विवेक के साथ मिलकर कंपनी के खाते में वापस करा लिए। इसके बदले में बैंक मैनेजर की पत्नी के नाम जमीन की रजिस्ट्री भी की गई है।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर पर जांच के बाद विवेक चित्रवंशी, अशोक बहादुर सिंह, कल्पना श्रीवास्तव, सुशीला श्रीवास्तव, बैंक प्रबंधक की पत्नी के खिलाफ जालसाजी, जाली दस्तावेज तैयार करने में केस दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई केलिए सभी बैंक खातों की डिटेल मंगाई गई है।