सहारनपुर के देवबंद में अवैध तरीके से रह रहे बांग्लादेशी तलहा को दोबारा रिमांड पर लेकर यूपी एटीएस पूछताछ कर रही है। इसमें कुछ अहम जानकारी भी हाथ लगी है। इस आधार पर जांच एजेंसी तलहा के साथी अब्दुल्ला की तलाश कर रही है।
तलहा को गत 29 अप्रैल को देवबंद से यूपी एटीएस व सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह दो दिन की पुलिस रिमांड पर है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि पूछताछ में तलहा ने बताया है कि उसके बांग्लादेशी साथी अब्दुल्ला ने टेलीग्राम चैनल के 4-5 लिंक भेजे थे। इससे वह ऐसे ग्रुपों से जुड़ गया था जहां जिहादी साहित्य और वीडियो आते रहते थे।
अब्दुल्ला 2021 में कुछ महीने देवबंद में रहा है। अब्दुल्ला ने ही तलहा को सेफ ब्राउजिंग और वीपीएन का प्रयोग करने का प्रशिक्षण दिया था। प्रशांत कुमार ने बताया कि तलहा के पास से चार रजिस्टर बरामद हुए हैं। इसमें दूसरी भाषा में लिखी गई सामग्री का अनुवाद कराया जा रहा है। तलहा के पास से बरामद मोबाइल का डाटा रिकवर कराने के लिए एफएसएल भेजा गया है।