फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुल गया बबूल के पेड़ पर टंगी दो लाशों का राज

Sat, 12 Jul 2014 01:24 PM IST
विवेक त्रिपाठी/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
चक गंजरिया के जंगल में बृहस्पतिवार सुबह बबूल के पेड़ पर लटकी दो लाशों का राज आखिरकार खुल गया है।
विज्ञापन


गोसाईंगंज के चक गंजरिया में बृहस्पतिवार सुबह बबूल के जंगल में लटके मिले सड़े-गले शव युवकों के थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों शवों के सिर पर कई चोटें मिली हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सिर पर वार करके युवकों की हत्या की गई।

फिर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव बबूल के पेड़ से लटका दिए गए। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

तीन हफ्ते हुई थी हत्या

शवों का पोस्टमार्टम दोपहर करीब तीन बजे डॉक्टरों के पैनल ने शुरू किया।

जींस और चेकदार शर्ट पहने मृतक के शव का पोस्टमार्टम जल्दी हो गया जबकि दूसरे में काफी समय लगा। शाम करीब सात बजे डॉक्टरों ने मृतकों के युवक होने की पुष्टि की।

पुलिस के मुताबिक जींस-शर्ट पहने मृतक की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच है। दूसरे की उम्र 24 वर्ष के आसपास मानी गई। दोनों के सिर पर कई चोटें मिली हैं।

पोस्टमार्टम में सिर पर लगी चोटों को ही मौत की वजह बताया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों शव करीब तीन हफ्ते पुराने हैं।

क्या कहना है पुलिस का

गोसाईंगंज पुलिस के मुताबिक युवकों की हत्या के बाद शव पेड़ से टांगे गए हैं।

हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर टांगे गए हैं या मौके पर ही दोनों को लाकर हत्या की गई है? पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।

शुरुआती जांच में पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि दोनों को शहीद पथ वाले रास्ते से ही यहां लाया गया होगा।

मृतकों की शिनाख्त के लिए गोसाईंगंज पुलिस राजधानी के अलावा आसपास के जनपदों से गायब लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार सुबह लापता गाय ढूंढने निकले मस्तेमऊ गांव के लोगों ने बबूल के जंगल में शव लटके देखे थे।
विज्ञापन

सुरक्षित रखा गया डीएनए

मृतकों की शिनाख्त न होने के चलते उनका डीएनए सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने बताया कि शवों की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि पोस्टमार्टम के लिए 72 घंटे का इंतजार करना संभव नहीं था।

यही वजह है कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम करा दिया गया। इसके साथ ही मृतकों का डीएनए सुरक्षित रखवा दिया गया है।

घटनास्थल के पास दो जोड़ी हवाई चप्पलें और एक पॉलीथिन में कुछ साबुन के टुकड़े व नीले रंग के धागे की रील मिली थी। साबुन के टुकड़े और रील वहां क्यों थी? पुलिस इस सवाल में भी उलझी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें