कोतवाली क्षेत्र के चौकी दर्शननगर स्थित ग्राम रामपुर हलवारा में शनिवार देर रात एक मंदिर में चोरी के इरादे से घुसे चोर ने पुजारी के सिर पर गमले से वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहां से गुजर रहे लोगों को देखकर चोर मंदिर में छुप गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फैजाबाद-अंबेडकरनगर मार्ग पर रामपुर हलवारा में शिव मंदिर के पुजारी ननकू यादव (60) काफी अरसे से मंदिर में पूजा पाठ कर रहे थे और यही रहते थे। शनिवार को वह मंदिर के बाहर सो रहे थे।
देर रात करीब 2 बजे मंदिर के दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर पुजारी उठे और आवाज दी तो चोर ने पास रखे गमले से पुजारी के सिर पर वार कर दिया, जिससे पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान बगल में रहने वाले महावीर प्रसाद व सड़क से गुजर रहे दो अन्य बाइक सवार युवकों ने उसे ललकारा तो चोर ने हाथ में बम होने की बात कह मारने की धमकी दी।
वह लोग पीछे हटे और पुलिस को सूचना दी। इस बीच चोर मंदिर के सामने लगी लोहे की सरिया को फैलाकर मंदिर में घुस गया और मंदिर में तोड़ फोड़ करने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने चोर को हिरासत में ले लिया। दर्शननगर पुलिस चौकी के एसआई राघवेंद्र यादव ने बताया कि चोर गोंडा जिले का निवासी है। उसने अपना नाम साधु राम बताया है।
सूचना मिलने पर एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने भी घटनास्थल की जांच की, उन्होंने बताया कि आरोपी का इरादा स्पष्ट नहीं हो पाया है, उसके नशे में भी होने की संभावना भी जताई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल भी कराकर जेल भेज दिया गया है।