दुकानदारों का कहना था कि शोरूम के पास ही पुलिस बूथ है, जहां हर वक्त पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। एक तरफ नक्खास तो दूसरी तरफ पाटानाला चौकी है। इलाके में देर रात तक भीड़ रहती है। इसके बावजूद चोर वारदात करके आराम से भाग निकले। काज़िम ने बताया कि चोर लॉकर में रखे आठ किलो चांदी व एक किलो सोने के जेवर तथा कैश बॉक्स में रखे 60 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 40 लाख रुपये है।
...तो तीन-चार दिन से चल रही थी साजिश
पुलिस का कहना था कि छत काटने का काम एक-दो दिन का नहीं है। जिसने भी छत काटी है, वह तीन-चार दिन से काम कर रहा होगा। चोरी में कम से कम तीन लोग शामिल होंगे।
पुलिस टीम छत पर पहुंची तो वहां केले के छिलके और खीरे के टुकड़े पड़े मिले। छत काटने के दौरान चोर खाने-पीने का सामान भी लाए थे। पुलिस को छत की पिछली दीवार पर लगी खिड़कियों से सरिये निकले मिले।
इंस्पेक्टर का कहना है कि ऐसा लग रहा है जैसे वारदात के बाद चोर खिड़की के रास्ते से पीछे की तंग गलियों से होकर भागने की साजिश रच रहे थे। हालांकि, पीछे की गली एक स्थान पर जाकर बंद हो गई हैं। इसलिए शायद मुख्य रास्ते से ही भागे होंगे।
सीसीटीवी कैमरे में दिखा चोर का अस्पष्ट चेहरा
पुलिस को ज्वैलरी शोरूम से मिले सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोर का अस्पष्ट चेहरा दिखा है। पुलिस का कहना है कि चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई गई है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि वारदात में किसी करीबी का ही हाथ होने की आशंका लग रही है। शोरूम संचालक ने भी बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से से हटाए गए किराएदारों पर शक जताया है। फिलहाल केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
शोरूम में सीसीटीवी कैमरा लगा है जिसकी फुटेज ले ली गई है। जिस भवन में ज्वैलरी शोरूम है, वह वक्फ मुख्तार बेगम के नाम की है। भवन काफी पुराना और जर्जर है। इसकी देखरेख मुतवल्ली नदीम अहमद करते हैं। भवन के प्रथम तल पर शादाब, सलमान और तनवीर सहित कई किराएदार रहते थे, जिन्हें कुछ महीने पहले ही मुतवल्ली ने खाली कराया था।
मौके पर एक टूटा हुआ ताला मिला। यह ताला छत के दरवाजे पर लगा था। पुलिस के मुताबिक, चोर मुख्य रास्ते से छत पर गए और ताला तोड़ दिया। चोरी के बाद इसी रास्ते से वह भाग निकले।