फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिटायरमेंट से एक हफ्ते पहले घूस लेते धरा गया दरोगा, घर पर मिले नोटों के बंडल, ये था सौदा

Wed, 21 Feb 2018 01:56 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
घूसखोर दरोगा
विज्ञापन

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने पीजीआई थाने में तैनात दरोगा संकटा प्रसाद मौर्या को मंगलवार दोपहर प्रॉपर्टी डीलर से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा 28 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाला था। एक फ्लैट की खरीद-फरोख्त को लेकर महिला की शिकायत पर दरोगा ने तीन दिन पहले प्रॉपर्टी डीलर को हिरासत में लेकर चार घंटे प्रताड़ित किया।

विज्ञापन


50 हजार रुपये में रिहाई तय की और 20 हजार लेकर छोड़ा था। घूस की बकाया रकम को लेकर कॉल कर रहा था। जानकारी पर एसएसपी दीपक कुमार ने उसे निलंबित करने के साथ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के डिप्टी एसपी उपेंद्र कुमार के मुताबिक, वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर-5 निवासी प्रॉपर्टी डीलर सुरेंद्र कुमार चौरसिया ने पीजीआई थाने में तैनात दरोगा संकटा प्रसाद मौर्या द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। इस पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन के इंस्पेक्टर सुंदर सिंह सोलंकी, रमेश कुमार, कांस्टेबल जकदीश तिवारी, सतीश द्विवेदी, राजेंद्र यादव, संतोष द्विवेदी व विनोद यादव की टीम को लेकर पीजीआई के मेन गेट के पास घेराबंदी की गई।
विज्ञापन


दरोगा संकटा प्रसाद ने सुरेंद्र को कॉल करके रकम के साथ पीजीआई के पास मिलने को कहा था। बाइक से पहुंचे संकटा प्रसाद ने सड़क किनारे खड़े सुरेंद्र से बात की और उससे 30 हजार रुपये लिए। घूसखोरी की रिकॉडिंग के साथ टीम ने संकटा प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे रिश्वत की रकम बरामद करके आलमबाग कोतवाली ले जाया गया। वहां रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ संकटा प्रसाद को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

ये था पूरा मामला

बरामद हुआ धन - फोटो : amar ujala
प्रॉपर्टी डीलर सुरेंद्र चौरसिया ने राकेश वाजपेयी नामक व्यक्ति के फ्लैट का सौदा पीजीआई इलाके में डेंटल कॉलेज के पीछे रहने वाले ब्रह्मानंद द्विवेदी की पत्नी मंजुला देवी से किया था। 21.75 लाख रुपये में बात शुरू हुई। सुरेंद्र ने 18 लाख रुपये लेकर अनुबंध कर दिया। कुछ दिनों बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ।

रजिस्ट्री के लिए तय सीमा गुजरते देख मंजुला ने तगादा किया। सुरेंद्र ने चार लाख रुपये लौटाए। रजिस्ट्री न करने व शेष रकम लौटाने में टालमटोल पर मंजुला देवी ने शुक्रवार को पीजीआई थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने एचसीपी (एक स्टार के दरोगा) संकटा प्रसाद मौर्या को कार्रवाई के निदेश दिए।

जेल भेजने की धमकी देकर वसूले 30 हजार
सुरेंद्र चौरसिया ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों को बताया कि दरोगा संकटा प्रसाद ने उसे कॉल करके थाने बुलाया। फटकार लगाने के साथ जेल भेजने की धमकी देते हुए हिरासत में ले लिया। इसके बाद रिहाई की डील शुरू की। दरोगा ने 50 हजार रुपये मांगे। इस पर सुरेंद्र ने अपने एक दोस्त को थाने बुलाया।

उससे लेकर 20 हजार रुपये दरोगा संकटा प्रसाद को दिए। दरोगा ने तीन दिन में बकाया रकम न देने पर जेल भेजने की धमकी के साथ छोड़ा। इसके बाद कॉल करके तगादा करने लगा। संकटा प्रसाद ने रविवार को 10 हजार रुपये वसूले। सुरेंद्र ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत की। दरोगा द्वारा रुपये लेने की क्लिप व नोटों की फोटोकॉपी दिखाई। बताया कि शेष 20 हजार के लिए दरोगा कॉल कर रहा है।
विज्ञापन

कोतवाल के नाम पर ली घूस

ये है नोटों का सीरियल नंबर। - फोटो : amar ujala
सुरेंद्र ने अधिकारियों को बताया कि दरोगा संकटा प्रसाद ने उसे चार घंटे हिरासत में रखने के साथ खूब धमकाया। इंस्पेक्टर के नाम पर 50 हजार रुपये मांगे। थाने में रुपये लेकर छोड़ा। अगले दिन फिर कॉल करने पर सुरेंद्र ने उसे 10 हजार रुपये दिए और शेष रकम के लिए दो दिन की मोहलत मांगी। दरोगा संकटा प्रसाद मंगलवार को 20 हजार रुपये वसूलने पहुंचा था लेकिन सुरेंद्र ने उसे 30 हजार दिए। कहा कि 20 हजार इंस्पेक्टर और 10 हजार उसके लिए लाया था।

नौकरी के आखिरी पड़ाव पर जेल
घूस लेते पकड़े गए दरोगा संकटा प्रसाद मौर्या ने सफाई दी कि प्रॉपर्टी डीलर सुरेंद्र ने कम कीमत पर जमीन दिलाने का वादा करके उससे एडवांस लिया था। उसके द्वारा प्लॉट न दिला पाने पर अपनी रकम का तगादा कर रहा था। इस पर उसने 30 हजार रुपये लौटाने की बात कही और उसे भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम से गिरफ्तार करा दिया। सिद्धार्थनगर के मूलनिवासी संकटा प्रसाद मौर्या ने कहा कि उसकी नौकरी का सिर्फ एक हफ्ता शेष है। 28 फरवरी को उसे सेवानिवृत्त होना था।

घर पर रखी थी घूस की रकम
प्रॉपर्टी डीलर सुरेंद्र चौरसिया की शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने दरोगा संकटा प्रसाद मौर्या से पूछताछ की। सुरेंद्र से रविवार को लिए दस हजार रुपये की फोटोकॉपी व नोट के नंबर देखने पर कुबूला कि रकम उसके घर सुरक्षित रखी है। टीम ने उसके आवास पर छापा मारकर 95 सौ रुपये बरामद किए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें