फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मासूम की मौत बनकर बिजली के पोल पर गिरा पेड़

Tue, 10 Dec 2013 02:02 AM IST
टीम डिजिटल/लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मड़ियांव में पेड़ों की अवैध कटान ने एक मासूम छात्र की जान ले ली। सोमवार सुबह कटान के दौरान एक पेड़ बिजली के पोल पर जा गिरा,जिससे खंभा ढह गया।
विज्ञापन


स्कूल जा रहा आठ वर्षीय बच्चा इसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ठेकेदार व मजदूर भाग निकले।

आक्रोशित ग्रामीणों ने छात्र का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर भारतीय किसान यूनियन के नेता मौके पर पहुंच गए। बवाल बढ़ता देख चार थानों की फोर्स व पीएसी बुलाई गई।

किसान यूनियन के नेता पीड़ित परिवार को मुआवजा व जमीन का बैनामा कराए जाने की मांग पर अड़े थे। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व जमीन पट्टा करने का आश्वासन दे स्थिति संभाली।
विज्ञापन


मड़ियांव के गांव धतिगंरा निवासी संतराम का पुत्र अमन आंगनबाड़ी में कक्षा एक का छात्र था। सुबह 11 बजे के करीब इंटरवल में वह स्कूल से घर लौटा और थोड़ी देर रुकने के बाद वापस स्कूल लौट रहा था।

रास्ते में पड़ने वाली गांव के अवधेश रावत की बाग में नीम व गूलर के पेड़ों की अवैध कटान हो रही थी। अमन जैसे ही वहां पहुंचा नीम का पेड़ भर-भराकर बिजली के पोल पर जा गिरा।

इससे बिजली के दो पोल टूटकर सड़क पर गिर गए और चपेट में आकर मासूम की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि गांव के बुजुर्ग बैजनाथ (60) घायल हो गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया।

आरोपी ठेकेदार सुरेंद्र सिंह व उसका भाई राकेश सिंह भाग निकले। आक्रोशित ग्रामीणों ने बाग में कटान में लगे दो मजदूरों बुद्घी व दीपक की जमकर धुनाई कर दी। किसी ने ग्रामीणों के बवाल की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।

एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराने की कोशिश की,लेकिन ग्रामीण और उग्र्र हो गए। हंगामे पर अलीगंज,विकासनगर,गुडंबा, मड़ियांव, बीकेटी थाने की फोर्स बुला ली गई।

इस बीच भारतीय किसान यूनियन भानु गुट की मंडल अध्यक्ष सावित्री सिंह समेत सैकड़ों किसान गांव में पहुंच गए। पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा व जमीन का पट्टा किए जाने की मांग की।

एसडीएम बीकेटी ने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद व ग्राम समाज की जमीन का पट्टा किए जाने का आश्वासन दिया जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
विज्ञापन


लीगंज सीओ डॉ.अखिलेश नारायन सिंह ने बताया कि आरोपी ठेकेदार की तलाश में दबिश दी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बिजली व वन विभाग ने भी दी तहरीर
बिजली उपकेंद्र बवरूमऊ के जेई ओम प्रकाश ने ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। जेई का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही से बिजली के दो पोल व तार टूटे हैं।

वन विभाग की टीम ने बिना परमिट के पेड़ों की कटान कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें