प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापामारी के बाद गायत्री प्रजापति व उनके परिवार के सदस्यों पर विजिलेंस ने भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विजिलेंस इसके साथ ही बाहुबली विधायक विजय मिश्रा व उनकी पत्नी से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।
सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) इन दोनों परिवारों से लोक सेवक के रूप में कार्यकाल के दौरान अर्जित आय को लेकर सवाल करेगी। इसके लिए इन सभी को कानूनी नोटिस भेजने की तैयारी है।
विजिलेंस पिछले दिनों आय से अधिक संपत्ति के मामले में ज्ञानपुर (भदोही) के विधायक विजय मिश्रा व उनकी एमएलसी पत्नी रामलली मिश्रा के विरुद्ध प्रयागराज के हंडिया थाने में दर्ज मुकदमे की जांच कर रही है। वहीं गायत्री प्रजापति के विरुद्ध इसी आरोप में मुकदमा पहले से दर्ज है।