शादी से इन्कार करने पर भड़का एमबीए छात्र गोमतीनगर स्थित युवती के घर जा पहुंचा। आंगन में चाचा के साथ टहल रही युवती को निशाना बना फायरिंग शुरू कर दी।
गनीमत रही कि निशाना चूक गया। गोली चलने की आवाज पर लोगों को जुटता देख हमलावर बाइक से भाग निकला।
इसके बाद फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध पिस्टल, मोबाइल और बाइक बरामद की है।
एएसपी ट्रांसगोमती दिनेश यादव ने बताया कि हमले और धमकी के आरोप में मृदुल कुमार दीक्षित को सोमवार सुबह हुसड़िया चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।
अक्सर लगाता था घर के चक्कर
एमिटी विश्वविद्यालय से एमबीए कर रहे मृदुल के पिता सर्वेश कुमार दीक्षित सीतापुर के एडीएम हैं। उनका परिवार चिनहट की अशरफ विहार कॉलोनी में रहता है।
आरोप है कि पिछले कुछ समय से मृदुल गोमतीनगर के विजयखंड में रहने वाली युवती के पीछे पड़ा था। अक्सर घर के चक्कर लगाता रहता था।
इस बीच युवती का रिश्ता कहीं और तय हो गया। दस फरवरी को दिल्ली में शादी है। प्रॉपर्टी का काम करने वाला पिता और पूरा परिवार शादी की तैयारी में जुटा था।
इसका पता चलते ही मृदुल आपे से बाहर हो गया और रिश्ता तोड़कर खुद से शादी करने का दबाव बनाने लगा। कई बार धमकाया भी।
...तो इसलिए आप खोया मृदुल ने
युवती के परिवारवालों ने इन्कार करने के साथ ही परेशान करने पर पुलिस में शिकायत की चेतावनी दी थी।
इस पर मृदुल आपे से बाहर हो गया और शनिवार शाम पिस्टल लेकर युवती के घर जा पहुंचा। घर के आंगन में युवती और उसके चाचा को देखते ही निशाना बनाकर दो फायर झोंक दिए।
हालांकि निशाना चूक गया और गोलियां घर में ही खड़ी गाड़ी से जा टकराईं। फायर की आवाज से आसपास के लोग निकल आए।
हालांकि इस बीच बाइक सवार युवक फरार हो चुका था। शादी की तारीख पास होने के चलते परिवार ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।
रिपोर्ट न दर्ज कराने से बढ़ा हौसला
रिपोर्ट दर्ज न कराने से आरोपी का हौसला बढ़ गया और उसने रविवार को एक ऑटो चालक के मोबाइल से युवती के पिता को फोन कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली।
इससे घबराए परिवार ने गोमतीनगर पुलिस को सूचना दी। हालांकि रिपोर्ट में चाचा पर हमले और धमकी की बात कही गई है।
तलाश में जुटी पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से मृदुल को धर दबोचा। आरोपी के पास से अवैध पिस्टल, मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।
शादी तोड़ने का बना रहा था दबाव
लड़की के पिता व चाचा प्रॉपर्टी का काम करने के साथ ही ऊंची पहुंच रखते हैं। बेटी का रिश्ता भी दिल्ली के एक रसूखदार परिवार में तय है।
मंगलवार को दिल्ली में ही शादी होनी है। एक तरफ पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, तो दूसरी तरफ मृदुल रिश्ता तोड़कर खुद से शादी कराने का दबाव बना रहा था।
शादी में भी हंगामे का डर बना हुआ था। इसी के चलते पीड़ित परिवार ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने एडीएम का बेटा होने के बावजूद चंद घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।