फेसबुक पर देवी-देवताओं के आपत्तिजनक पेज पर पोस्ट की जा रही अभद्र टिप्पणियों पर शिवसेना ने आक्रोश जताया है।
शिवसेना की तरफ से बुधवार को हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी गई है। पार्टी ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पेज को ब्लॉक करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी के जिला प्रमुख अनिल सिंह ने बताया कि किसी सिरफिरे ने फेसबुक पर पेज बनाकर देवी-देवताओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां डालीं हैं।
उन्होंने बताया कि डीजीपी को इसकी कॉपी भेजी गई है। उनका आरोप है कि वह साइबर सेल भी गए जहां से एफआईआर दर्ज कराने की बात कहकर टरका दिया गया।
इसके बाद अनिल ने हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी। शिवसेना जिला प्रमुख का कहना है कि बृहस्पतिवार को एसएसपी जे. रविंदर गौड से मिलकर इस मामले में चर्चा की जाएगी।