हथियारबंद आठ बदमाशों ने मंगलवार दोपहर धौलाना सहकारी बैंक से 64 लाख 81 हजार 920 रुपये लूट लिए।
बदमाशों ने ब्रांच मैनेजर समेत चार कर्मचारियों को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। लुटेरों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़कर उनकी डीवीआर भी कब्जे में ले ली।
बदमाश गार्ड की बंदूक छीनकर फायरिंग करते हुए तीन मोटरसाइकिलों पर भाग गए। बदमाशों की लोकेशन बुलंदशहर में मिल रही है।
धौलाना में गुलावठी-मसूरी लिंक मार्ग स्थित जिला सहकारी बैंक में गाजियाबाद मुख्यालय से कैशियर अरुण शर्मा, गार्ड शिवप्रसाद, कार चालक दीपक और मतेश मंगलवार दोपहर 12:25 बजे 60 लाख रुपये लेकर पहुंचे।
उनके पीछे ही नकाबपोश छह बदमाश भी बैंक में घुसे जबकि दो पहले से ही अंदर मौजूद थे।
बदमाशों ने घुसते ही गार्ड की बंदूक छीनी फिर तमंचे की बट से शाखा प्रबंधक अनिल कुमार, कैशियर रघुनाथ सिंह, अरुण शर्मा और गार्ड शिवप्रसाद को घायल कर दिया।
बदमाशों ने 60 लाख का कैश बाक्स कब्जे में लेकर बैंक में पहले से मौजूद 4 लाख 81 हजार 920 रुपये भी समेट लिए।
मात्र 15 मिनट में वारदात करके बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए तीन मोटरसाइकिलों पर भाग निकले। उनके जाते ही मैनेजर ने पुलिस समेत अपने उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे डीआईजी के सत्यनारायण ने बताया कि बदमाशों की आखिरी लोकेशन बुलंदशहर के गेसूपुर के आसपास मिली है।