सरस्वती डेंटल कॉलेज के बीडीएस प्रथम वर्ष के छात्र ने वरिष्ठों पर रैगिंग, लूटपाट, पिटाई व अभद्रता करने का आरोप लगाया है। छात्र के मुताबिक उसने कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने बीबीडी थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने तीन नामजद सहित नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
मूलरूप से झारखंड के पलामू के रेहल गांव निवासी सतीश सिंह के बेटे करन ने सरस्वती डेंटल कॉलेज में इसी साल 22 मार्च प्रवेश लिया है। करन का आरोप है कि कॉलेज में प्रवेश के बाद से लगातार उसके साथ रैगिंग हो रही थी। इसकी शिकायत कॉलेज प्रशासन से भी की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न किए जाने से सीनियर छात्रों का मनोबल बढ़ता गया। उन्होंने उसे परेशान करना नहीं छोड़ा।
करन का आरोप है कि मंगलवार सुबह 10.30 बजे उसके कॉलेज पहुंचते ही गौरव मिश्रा, विवेक चौहान, श्रेयस व छह अन्य सीनियर छात्रों ने रैगिंग शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो पिटाई कर दी। आरोप लगाया कि गाली-गलौज के साथ अश्लील गानों पर डांस करवाया। इतना ही नहीं उसकी चेन और नकदी भी लूट ली। परेशान होकर करन ने इसकी जानकारी परिवारीजन को दी। उन्होंने इसकी शिकायत कॉलेज प्रशासन से की।
शिकायत पर उल्टा दी गई धमकी
करन ने यह भी बताया कि उसने मंगलवार करीब 11 बजे मामले की पूरी जानकारी बहन को दी। उसने जब पिता को घटना के बारे में बताया तो उन्होंने कॉलेज की महिला टीचर से बातचीत की। आरोप है कि टीचर ने उसके पिता से गलत तरीके से बातचीत की। साथ ही धमकी दी कि उनके बेटे का कॅरिअर खराब हो जाएगा। यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने आरोपी छात्रों को बचाते हुए मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर करन ने बीबीडी थाने में तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक बीबीडी (बाबू बनारसी दास) थाना अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर आरोपी गौरव मिश्रा, विवेक चौहान, श्रेयस और छह अज्ञात छात्रों के खिलाफ लूटपाट, बलवा, मारपीट, धमकी और रैंगिंग प्रतिषेध अधिनियम 2010 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।