कृष्णानगर कोतवाली परिसर में रहने वाले तीन सिपाहियों के बेटों ने बुधवार को जमकर बवाल किया। थाना परिसर में साथी से हुए मामूली झगड़े से गुस्साए आरोपियों ने छात्र को पकड़ लिया।
बाइक में तोड़फोड़ के बाद ईंट से सिर फोड़ने के बाद लहूलुहान हालत में रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार रात छात्र के भाई ने एफआईआर दर्ज कराई।
मानसनगर में आसाराम बापू रोड पर रहने वाले एसके श्रीवास्तव के बेटे मोहित ने बताया कि बुधवार को कृष्णानगर कोतवाली के गेट पर उसके भाई निर्मल (18) ने झगड़ा होने पर साथ पढ़ने वाले छात्र को पीट दिया। जानकारी पर उसके साथी अंकुर पांडे, अंकित पांडे और सैफ निर्मल को ढूंढ़ने लगे।
आरोप है कि शाम को केसरीखेड़ा फाटक के पास निर्मल को अंकुर, अमित व सैफ ने रोका और लाठी-डंडों से बाइक तोड़ने लगे। विरोध करने पर ईंट से निर्मल के सिर पर कई वार किए।
मोहित का कहना है कि आरोपी अंकुर एक महिला सिपाही का बेटा है जबकि अंकित और सैफ के पिता भी सिपाही हैं। तीनों के खिलाफ पहले भी गुंडई और मारपीट की शिकायतें आ चुकी हैं।