चोर ने एक मिनट से भी कम समय में ज्वैलरी शॉप से नौ लाख के गहने उड़ा दिए। घटना संदिग्ध बता रही पुलिस ने दो दिन टालमटोल के बाद रिपोर्ट दर्ज की है।
बुलाकी अड्डा स्थित सीतापुरी मार्केट में कृष्ण जीवन रस्तोगी की हिमांशु ज्वैलर्स नामक शॉप है। कृष्ण के अनुसार, सोमवार दोपहर 2:30 बजे दुकान का चैनल बंद कर पास ही किसी काम से गए थे।
करीब 20 मिनट बाद लौटने पर चैनल खुला मिला, अंदर तिजोरी भी खुली पड़ी थी और उसमें से नौ लाख से अधिक की कीमत के तीन सौ ग्राम सोने के जेवर गायब थे।
आसपास के दुकानदारों व पुलिस को सूचना दी। पड़ोसी राजेंद्र वर्मा की दुकान में गे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी। पता चला कि उनके दुकान बंद कर जाते ही एक युवक अंदर घुसा और 45 सेकेंड में बैग लेकर निकल गया।
पीड़ित का कहना है कि युवक ने रैकी के बाद वारदात अंजाम दी है। उधर, घटना संदिग्ध बता रही बाजार खाला पुलिस ने दबाव पड़ने पर बुधवार को रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं, इंदिरानगर के तकरोही स्थित महावीरपुरम में चोरों ने मनीष श्रीवास्तव के नवनिर्मित मकान का ताला तोड़कर दो लाख से अधिक के गहने व अन्य कीमती सामान चुरा लिया।
प्राइवेट नौकरी करने वाले मनीष श्रीवास्तव का कहना है कि वह नए मकान में शिफ्ट हो रहे हैं। पुराने घर का सामान शनिवार को नए मकान में पहुंचाने के बाद ताला लगाकर चले गए थे।
अगले दिन पहुंचने पर ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर सेफ खुली और उसमें रखे गहने व अन्य सामान गायब था। पुलिस ने दो दिन टालमटोल के बाद रिपोर्ट दर्ज की है।