28 वर्षीय मार्टिना, खून से लथपथ था उसका बिस्तर
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के एल्डिको कॉलोनी में हुई युवती की हत्या का खुलासा हो गया है। लड़की की मां मालती ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के सामने दिए गए बयान में उसने कहा कि वो फायरिंग की आवाज सुनकर दौड़ी तो देखा पति पिस्टल लेकर सीढ़ियों से उतर रहा था और बेटी अपने कमरे में बेड पर खून से लथपथ पड़ी थी।
गौरतलब है कि लखनऊ के पीजीआई इलाके के एल्डिको कॉलोनी में 28 वर्षीय मार्टिना की पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसे परिवारीजनों ने सुसाइड बताया था। लेकिन परिवारीजनों की थ्योरी पुलिस के गले नहीं उतर रही थी।
मार्टिना को पांच गोलियां अलग-अलग जगह पर लगी थी जिससे साफ हो गया कि उसने खुदकुशी नहीं की। एक गोली उसकी दायीं कनपटी के पीछे लगी तो दूसरी दायीं आंख के नीचे। सीने के दायीं व बायीं तरफ एक-एक गोली लगी और पांचवीं गोली सीने के बीचो-बीच लगी थी। पोस्टमार्टम में सिर से दो गोलियां व सीने में एक गोली फंसी मिली है। सीने पर लगी दो गोलियां आर-पार हो गई थीं।
वारदात शनिवार सुबह हुई थी। मामले को रफा-दफा करने के लिए पारिवारवाले मार्टिना को ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मार्टिना स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राकेश बाबू गुप्ता की बेटी थी। राकेश बाबू गुप्ता ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। एल्डिको कॉलोनी में उसने तीन मंजिल का शानदार मकान बनवाया है। उसने अपने मकान का नाम अमेरिका के प्रेसीडेंट के घर के नाम पर व्हाइट हाउस रखा है। इलाके में चर्चा है कि कोई आईएएस भी ऐसा मकान नहीं बनवा सकता जैसा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने बनवाया है।
परिवारीजन बोले- पिस्टल छीनने की कोशिश में चल गई गोलियां
बेड पर पड़ा खून।
- फोटो : amar ujala
शरीर के अलग-अलग हिस्सों में पांच गोलियां मारकर खुदकुशी करने की बात पुलिस के गले से नहीं उतरी। एएसपी उत्तरी और सीओ ने परिवारीजनों से कई बार बात बदल-बदलकर जानकारी लेने की कोशिश की लेकिन वह अपनी बात पर अड़े रहे। परिवारीजनों का कहना था कि दरअसल मार्टिना ने खुद को पहली गोली मारी तो सभी भागकर उसके कमरे में पहुंच गए। इससे पहले कि वह खुद को और गोलियां मारती, परिवार के सदस्य उससे पिस्टल छीनने लगे। इसी छीना-झपटी में चार और गोलियां चल गईं। हालांकि, परिवारीजनों का यह तर्क भी किसी के गले से नहीं उतर रहा है।
भाई ने दिया था तर्क, डिप्रेशन में थी
मार्टिना के बड़े भाई अजीत ने बताया कि वह डिप्रेशन में रहती थी। माता-पिता उसकी शादी के लिए रिश्ता ढूंढ़ रहे थे लेकिन वह शादी नहीं करना चाहती थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हो सकता है मार्टिना किसी और से शादी करना चाहती हो जिसे लेकर परिवारीजन तैयार न हों और आपस में झगड़े के बाद उसे गोली मार दी गई हो।