माल के भानपुर गांव निवासी एमबीए छात्र राजेंद्र कुमार (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार वालों ने जहर खिलाने के बाद पिटाई करने का आरोप लगाया है।
छात्र की पीठ पर डंडों के निशान और सिर पर चोट मिली है। पिता की तरफ से नामजद एफआईआर दर्ज करके पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
भानपुर निवासी किसान सकटू का बेटा राजेंद्र रविवार सुबह आठ बजे घर से निकला था। दोपहर एक बजे तक उसके न लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। राजेंद्र के चचेरे भाई मंयक ने उसका फोन मिलाया लेकिन फोन नहीं मिला।
शाम करीब पांच बजे फोन मिला तो राजेंद्र ने धीमी आवाज में मार पीटकर दाउदपुर गांव के पास बाग में बांस कोठी में फेंकने की जानकारी दी। उसने घरवालों से वहां आने को कहा।
मयंक के मुताबिक राजेंद्र किसी लल्लू या कल्लू के लड़कों द्वारा पिटाई की बात कह रहा था। जिस स्थान का उसने जिक्र किया,वह गांव से करीब 800 मीटर दूर था। घरवाले उसे ढूंढते हुए दाउदपुर गांव पहुंचे लेकिन वह नहीं मिला।
सोमवार सुबह किसी ने थावर गांव निवासी तेजू के बाग में स्थित बांस कोठी में राजेंद्र के घायलावस्था में पड़े होने की जानकारी दी। घरवाले जब तक उसे अस्पताल ले जाते राजेंद्र ने दम तोड़ दिया।
राजेंद्र के चाचा रंगी लाल ने बताया कि उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पिटाई से पहले राजेंद्र ने जहरीला पदार्थ खिलाने की बात भी कही। राजेंद्र बीकेटी स्थित जीजीआरसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में एमबीए का छात्र था।
बीते दो साल से वह मंजी गांव में अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। दस जनवरी को ही वह घर आया था। इस मामले में कल्लू या लल्लू के बेटों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट लिखाई गई है।
ननिहाल की संपत्ति में था हिस्सा
रंगीलाल ने बताया कि राजेंद्र का ननिहाल से बड़ा लगाव था। नाना भी उसे बहुत चाहते थे। उन्होंने बताया कि नाना ने अपनी संपत्ति में कुछ हिस्सा उसे दे दिया था। पुलिस ने इस बात को भी जांच में शामिल किया है।
लल्लू के बेटे सर्वेश से थी दोस्ती
राजेंद्र ने धीमी और अस्पष्ट आवाज में लल्लू या कल्लू के बेटों द्वारा पिटाई की बात कही थी। घरवालों ने बताया कि गांव में सिर्फ लल्लू नाम का व्यक्ति है जिसके बेटे सर्वेश की राजेंद्र से दोस्ती थी।
दो साल पहले राजेंद्र गांव में ही संजय पंडित के मेडिकल स्टोर में काम करता था। यहां झगड़े के बाद उसने सर्वेश को नौकरी पर रखवा दिया। घरवालों ने बताया कि एक महीना पहले सर्वेश से भी उसका काफी झगड़ा हुआ।