एक आशिक मिजाज प्रबंधक की पोल आखिर खुल ही गई। मामला डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल से जुड़ा है।
सूत्रों की मानें, तो नौ अगस्त को वित्त प्रबंधक से डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल के प्रबंधक बने देवेंद्र मणि उपाध्याय पिछले कई दिनों से महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे।
महिला कर्मचारियों को यह बात बुरी लगी और उन्होंने इसकी शिकायत मुख्य प्रबंधक स्मारक संरक्षण समिति से भी की। शिकायत के बाद देवेंद्र मणि को आगे से ऐसा नहीं करने की हिदायत भी दी गई थी लेकिन वे अपनी आदत से बाज नहीं आए।
स्मारक में हद तो तब हो गई जब शनिवार को एक पुरुष सहायक प्रबंधक का उपाध्याय ने कॉलर खींच लिया। उन्होंने सहायक प्रबंधक पर काम नहीं करने का आरोप भी लगाया।
इस घटना के बाद ही स्मारक का माहौल खराब होने लगा और सभी कर्मचारी एकजुट हो गए।हालांकि इस दौरान टिकट की ब्रिकी होती रही।
इस घटना के बहाने महिलाओं ने भी अपना गुस्सा जाहिर किया और सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। सूत्रों की मानें, तो कुछ महिला कर्मचारियों ने पुलिस वुमेन पावर लाइन 1090 पर भी इसकी शिकायत कर दी।
मौके पर पहुंचे वुमेन पॉवर लाइन के अधिकारी राघवेंद्र ने उनकी शिकायत दर्ज करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।