गोमतीनगर क्षेत्र में एक स्कूल के सिटी ऑफिस में सोमवार सुबह वेतन लेने पहुंचे लाइब्रेरियन पर स्कूल संचालिका के दबंग बेटे व स्कूल के सचिव ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
चार गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल लाइब्रेरियन मदद की गुहार करते हुए बाहर भागा। फायरिंग से ऑफिस में अफरातफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच आरोपी ने ऑफिस बंद कराया और फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल लाइब्रेरियन को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसओ गोमतीनगर उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि बंथरा क्षेत्र में संचालित सत्यानंद उच्च शिक्षा संस्थान में लाइब्रेरियन सत्येंद्र नाथ शुक्ला सोमवार दोपहर 12:30 बजे विकास खंड-5 स्थित स्कूल के सिटी ऑफिस गए थे।
वहां स्कूल के सचिव अंशुमान पांडेय ने चार महीने पहले नौकरी छोड़ चुके अनुज नामक कर्मचारी को लेकर सत्येंद्र से गालीगलौज शुरू कर दी।
इस पर आपत्ति जताने पर अंशुमान का पारा चढ़ गया। उसने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और सत्येंद्र को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी।
पांच गोलियों में से चार सत्येंद्र को जा लगीं। फायरिंग से अफरातफरी मच गई। कंधे, पेट व कमर में गोली लगने से घायल सत्येंद्र किसी तरह बाहर भागे लेकिन सड़क पर पहुंचे ही गिर गए।
इस बीच अंशुमान ने आनन फानन में ऑफिस बंद कराया और फरार हो गया। ऑफिस में मौजूद कर्मचारी भी भाग निकले।
एक राहगीर की सूचना पर गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सत्येंद्र की रिपोर्ट दर्ज करने के साथ उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
राजाजीपुरम की सूर्यनगर कॉलोनी में रहने वाले सत्येंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि वह दो जुलाई 12 से स्कूल में लाइब्रेरियन थे। कई महीने पहले उन्होंने अनुज नामक युवक को स्कूल में नौकरी दिलाई थी।
मतभेद के चलते उसने मई में नौकरी छोड़ दी और संचालिका सत्यभामा पांडेय व उनके बेटे अंशुमान की कुछ लोगों से बुराई की थी। इससे नाराज अंशुमान द्वारा सत्येंद्र पर अनुज को ढूंढ कर लाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
सत्येंद्र का कहना है कि स्कूल संचालिका सत्यभामा व सचिव अंशुमान के दबाव व धमकियों के बाद 27 अगस्त को उससे इस्तीफा लिखा लिया था और पिछले महीने का वेतन देने के लिए सोमवार को ऑफिस बुलाया था। ऑफिस में पहुंचते ही अंशुमान ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करते ही गोलियां बरसाने लगा।
पिता आयकर अफसर
घायल सत्येंद्र ने बताया कि स्कूल के सचिव अंशुमान पांडेय के पिता आनंद कुमार पांडेय उड़ीसा में आयकर विभाग में ज्वाइंट कमिश्नर हैं।
अंशुमान ने विकासखंड-5 स्थित अपने घर के एक हिस्से ऑफिस खोल रखा है और वहीं कुछ बच्चों को पढ़ाया भी जाता है। बंथरा क्षेत्र में स्थित स्कूल में विशेष आयोजन ही होते हैं।