रुपये के लालच में दोस्त ने ही डीजे संचालक दीपक की हत्या की थी।
जनरेटर खरीदने निकले दीपक के पास 27 हजार रुपये देखकर दोस्त की नियत खराब हो गई और उसने जमकर शराब पिलाने के बाद ईंट से कूंचकर हत्या कर दी थी।
इसके बाद रुपये लूटने के बाद ऑटो पर शव रखकर शहीद पथ के पास नाले में फेंककर भाग निकला था।
पीजीआई पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल ऑटो, दस हजार नगदी समेत, पासबुक व दीपक का हस्ताक्षर युक्त इलाहाबाद बैंक का बिड्राल फॉर्म बरामद किया है।
कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर पीजीआई शिवाजी सिंह के मुताबिक, वृंदावन योजना के चिरैयाबाग तेलीबाग निवासी राम दुलारे का बेटा दीपक 11 मई को लापता हो गया था।
पत्नी रीता ने पीजीआई थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। एक जून को शहीथ पथ के पास नाले में दीपक का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम र्में ईंट से सिर कूंचकर हत्या की पुष्टि हुई थी।
पुलिस ने दीपक के सेलफोन को सर्विलांस पर लेकर छानबीन शुरू की। इस बीच उसके मोबाइल की लोकेशन कृष्णानगर में पाई गई।
फोन एक युवती इस्तेमाल कर रही थी, पुलिस के पूछने पर युवती ने फोन पड़ोसी महिला का बताया। महिला को फोन उसके पति ऑटो चालक रक्षाराम रावत उर्फ रिंकू ने दिया था।
इस पर पुलिस ने रिंकू को पकड़कर पूछताछ शुरू की। सख्ती पर रिंकू ने सच उगल दिया।