‘आरा जिला उखाड़ देला किला...।’ इस गाने की फरमाइश पूरी न करने पर एक नर्तकी को अपनी जान गंवानी पड़ी। गुरुवार की भोर में दारू के नशे में धुत एक बाराती ने स्टेज पर उसे गोली मार दी। वारदात के बाद गांव वालों ने युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया है। गोली चलने के बाद गांव के लोगों ने कई बारातियों की पिटाई भी कर दी। बुधवार को दयाछपरा निवासी राजाराम कमकर की बेटी की शादी थी।
बिहार प्रांत के आरा जनपद के शीतल टोला से मुकेश कमकर बारात लेकर आए थे। शाम को द्वाराचार के बाद बारात पंडाल में पहुंची। इसके बाद छपरा के कोपा गांव से आए मुस्कान म्यूजिकल आरकेस्ट्रा के कलाकारों ने नाच-गाना शुरू किया।
गुरुवार को भोर में करीब साढ़े तीन बजे जब दूल्हे के साथ बारात के मुख्य लोग दुल्हन की विदाई के लिए दरवाजे पर चले गए तभी फरमाइशी गाने की मांग पूरी न करने पर बारात में आए नशे में धुत्त एक युवक ने तमंचे से फायर झोंक दिया।