एसटीएफ की एक टीम ने सोमवार को 2011 में मैनपुरी में हुए दोहरे कत्ल के एक आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 12 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
एसटीएफ ने यह गिरफ्तारी गुजरात के अहमदाबाद के औधव थाना क्षेत्र में की। उसे अब अदालत में पेश कर वारंट बी के जरिए मैनपुरी लाकर पूछताछ की जाएगी।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक 11 जून 2011 को मैनपुरी में राजवीर यादव व पवन शाक्य की हत्या की गई थी। इस दोहरे हत्याकांड में थाना कोतवाली मैनपुरी में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
इनमें अरविन्द कुमार, ऋषि कुमार, अमित कुमार आदि को नामजद किया गया था। नामजद आरोपियों में से अरविन्द कुमार, ऋषि कुमार व अमित फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी पर पुलिस उप महानिरीक्षक, आगरा परिक्षेत्र द्वारा 12-12 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।
एसटीएफ ने इन तीनों में से दो अरविन्द कुमार व ऋषि राजपूत को चार जनवरी 2013 को शाहजहांपुर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया था। यह दोनों सगे भाई हैं।
लेकिन जनपद न्यायालय, मैनपुरी में पेशी के दौरान 31 जनवरी 2013 को दोनों अभियुक्त पुलिस आरक्षी अजय कुमार की हत्या कर फरार हो गए थे। इस बारे में मैनपुरी के भौगांव थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
अभियुक्तों में ऋषि व अरविन्द, बबली पत्नी ऋषि कुमार तथा सुधा पत्नी चन्द्र कुमार नामजद थे। एसटीएफ ने इन चारों को अप्रैल 2013 में मुंबई से गिरफतार कर लिया था लेकिन अमित कुमार 2011 से ही फरार चल रहा था।
एसटीएफ की टीम को इसके विषय में सूचना मिली थी कि वह अहमदाबाद के आसपास छिपकर रह रहा है तथा स्क्रैप के कुछ व्यापारियों के साथ व्यापार कर रहा है।
एसटीएफ की एक टीम अहमदाबाद भेजी गई थी, जिसने अमित को अहमदाबाद में लोकेट कर लिया। इसके बाद मैनपुरी के विवेचक को अहमदाबाद बुला लिया गया और सोमवार को वांछित अभियुक्त को पकड़ लिया गया।