फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लड़कियों पर बनाया जाता था प्रबंधक के बेटे के पास जाने का दबाव

Fri, 24 Jul 2015 11:12 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
राजाजीपुरम स्थित महावीर प्रसाद महिला महाविद्यालय की बीएड छात्राओं ने प्रबंधक के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि उनसे प्रबंधक के बेटे से मिलने का दबाव बनाया जाता था। बात नहीं मानने पर उनका कॅरियर तबाह करने की धमकी दी जाती थी।
विज्ञापन


इसी के चलते दाखिला नियम विरुद्ध दिखा दिया गया। 80 हजार से एक लाख 65 हजार रुपये भुगतान करने के बावजूद उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया गया। गुरुवार को कॉलेज की छात्राओं ने लखनऊ विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक के पास मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने कॉलेज की 18 छात्राओं के दाखिले नियम विरुद्ध होने के कारण उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया है। बीएड पाठ्यक्रम की सालाना फीस सरकार ने 51,250 रुपये तय की हुई है।
विज्ञापन


छात्राओं का कहना है कि इसके बावजूद उनसे 80 हजार से लेकर एक लाख 65 हजार रुपये तक की वसूली की गई है। ज्यादा फीस लेने के बावजूद रसीद केवल 51,250 रुपये की ही दी गई।

प्रबंधक के बेटे ने की अश्लीलता की कोशिश

पूरे साल पढ़ाई करने के बाद जब उन्हें प्रवेशपत्र नहीं दिया गया तो उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। बुधवार को कॉलेज पहुंचने पर प्रबंधक के बेटे डॉ. अमित सिंह ने उनका हाथ खींचकर अंदर खींचने का प्रयास भी किया।

गुरुवार को छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ विश्वविद्यालय पहुंच गईं। छात्राओं ने परीक्षा नियंत्रक के पास लिखित शिकायत करके प्रबंधक के बेटे पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। छात्राओं ने इस मामले में पुलिस में शिकायत करने की बात भी कही।

नियमानुसार बीएड में दाखिले के लिए केवल वही स्टूडेंट्स पात्र होते हैं जो राज्य बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए हों।

मैनेजमेंट कोटे की सूरत में कॉलेज निश्चित सीटों तक सीधे दाखिले ले सकता है। इसके बावजूद महावीर प्रसाद महिला महाविद्यालय में मैनेजमेंट कोटे की 100 सीटों पर कॉलेज प्रबंधन ने 118 दाखिले ले लिए हैं।
विज्ञापन

देखें, क्या बोली आरोपी

डॉ. अमित सिंह का कहना है कि सारे आरोप गलत हैं। स्टूडेंट्स ने अगर आरोप लगाया है तो कोई गवाह तो होगा ही जिसने हमें देखा हो।

कॉलेज में हर जगह कैमरा लगा है, जहां से स्टूडेंट्स की लोकेशन ली जाती है। हमारे यहां बहुत से टीचर्स कई सालों से हैं, उनसे आकर हमारे बारे में पूछा जा सकता है।

लविवि के परीक्षा नियंत्रक एसके शुक्ल ने कहा, महावीर प्रसाद महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने प्रबंधक के बेटे के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला पुलिस से संबंधित है। शिकायती पत्र में अवैध वसूली और अंधेरे में रखकर दाखिला देने का आरोप भी लगाया गया है। इसकी जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस समय बीएड की ज्यादातर सीटें खाली रह रही हैं। ऐसे में निर्धारित सीट से ज्यादा फीस भला कौन देगा? हाल ही में आदेश आया है जिसमें अल्पसंख्यक संस्थान सौ फीसदी सीटों पर सीधे दाखिला लेेने के लिए स्वतंत्र है।

इसी वजह से दाखिले लिए गए थे। बहरहाल छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए हम कोर्ट जाएंगे। उम्मीद है वहां से राहत मिल जाएगी।
डॉ. सुधा वाजपेयी,प्रिंसिपल, महावीर प्रसाद महिला महाविद्यालय
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें