लखनऊ के चौक स्थित काली जी मंदिर के पास मंगलवार सुबह कार सवार चार बदमाशों ने आगरा के सराफा कारोबारी रितेश सोनी के ड्राइवर हरिश्चंद्र पर तमंचा तानकर 73 किलो चांदी लूट ली। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख 44 हजार रुपये है। सनसनीखेज वारदात की सूचना पुलिस को 13 घंटे बाद शाम करीब पांच बजे दी गई।
वारदात का पता चलते ही पुलिस के होश उड़ गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो काले रंग की एक कार से चार बदमाश लूटपाट करते नजर आए। सीओ चौक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि केस दर्ज करके बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सीओ ने बताया कि वारदात सुबह चार बजे हुई। आगरा के बेलनगंज निवासी रितेश सोनी चौक सराफा बाजार से सोने-चांदी की खरीद-फरोख्त करते हैं। करीब छह महीने पहले उन्होंने फूलवाली गली में किराये का कमरा भी लिया था। सोमवार को रितेश अपने कर्मचारी हरिश्चंद्र और ड्राइवर चंद्रप्रकाश के साथ कार से लखनऊ आए थे। उन्होंने शिवम ट्रेडर्स से 73 किलो चांदी की ब्रिक्स लीं।
यह ब्रिक्स पांच बैग में भरकर कमरे में रख लीं। मंगलवार सुबह उन्हें ब्रिक्स लेकर आगरा जाना था। सुबह करीब चार बजे रितेश ने हरिश्चंद्र और ड्राइवर चंद्रप्रकाश को चांदी की ब्रिक्स से भरे बैग देकर कार में रखने के लिए भेजा।
ड्राइवर ने विरोध किया तो धक्का-मुक्की कर की मारपीट
सर्राफ रितेश सोनी व ड्राइवर चंद्रप्रकाश।
- फोटो : amar ujala
सीओ ने बताया कि दरअसल जिस गली में रितेश ने कमरा लिया है, वह बहुत तंग है। वहां कार खड़ी नहीं हो सकती इसलिए उन्होंने अपनी कार काली जी मंदिर के पास अग्रवाल धर्मशाला के सामने खड़ी की थी। कमरे से धर्मशाला के बीच की दूरी करीब एक किलोमीटर है। उनके दोनों कर्मचारी स्कूटी में बैग रखकर कार के पास पहुंचे।
बैग कार में रखने के बाद चंद्रप्रकाश वहीं खड़ा हो गया और हरिशचंद्र मालिक को लेने के लिए स्कूटी से फूलवाली गली चला गया। इसी बीच काले रंग की कार से चार बदमाश वहां आ गए। चंद्रप्रकाश पर तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश कार में रखे बैग निकालने लगे। ड्राइवर ने विरोध किया तो उससे धक्का-मुक्की व मारपीट की।
घबराया ड्राइवर वहां से भाग गया जबकि कार में रखे चांदी की ब्रिक्स से भरे बैग लेकर बदमाश ठाकुरगंज की तरफ भाग निकले। इसी बीच ड्राइवर ने रितेश को फोन कर लूट की सूचना दी तो उसके होश उड़ गए।
सीओ ने बताया कि शाम करीब पांच बजे रितेश कोतवाली पहुंचा और पुलिस को सूचना दी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और धर्मशाला व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई गई। फुटेज में चार बदमाश लूटपाट करते नजर आ रहे हैं।