सूडा अफसर को लूटकर भागे बदमाश की लोकेशन महानगर पुलिस को मिल गई है। आरोपी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कहीं छिपा है।
उसे पकड़ने के लिए एक बैकअप टीम रवाना कर दी है। एक टीम पहले ही बिजनौर में आरोपी का ब्योरा खंगाल रही है।
हनुमान सेतु मार्ग स्थित प्रतिभा तीरथ अपार्टमेंट में रहने वाले सूडा के प्रोजेक्ट मैनेजर अतुल सिंह चौहान का बिजनौर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अरुण तातरान से लेन-देन का विवाद था।
तातरान बुधवार रात एक युवक के साथ उनके फ्लैट पहुंचा। मौका पाकर अतुल व उनके कर्मचारी मोहित को बंधक बनाकर लूटपाट की।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर तातरान ने साथ आए युवक का परिचय नवाज के रूप में दिया था। नवाज रात में ही अतुल के दो मोबाइल,घड़ियां अंगूठी-चेन व नकदी लेकर भाग गया था।
रातभर बंधक रहे अतुल ने सुबह मौका पाकर तातरान को दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस की पूछताछ में तातरान ने किसी दूसरे व्यक्ति के साथ होने की बात से साफ इन्कार कर दिया।
छानबीन में पता चला कि भागा हुआ बदमाश तातरान का करीबी रिश्तेदार है। उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम बिजनौर भेजी गई।
इसके साथ ही पुलिस ने सूडा अफसर से लूटे गए मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया था। फोन का इस्तेमाल शुरू होते ही लोकेशन मिल गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी एनसीआर क्षेत्र में है। सीओ महानगर राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बैकअप टीम मंगलवार को बिजनौर रवाना हो गई।