फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीतापुर में मिला लखनऊ से अपहरण किया गया अर्नव, ड्राइवर ने ही रची थी साजिश

Tue, 20 Mar 2018 02:46 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतापुर/खैराबाद
विज्ञापन
पिता को देखते ही अरनब उनसे लिपट गया। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लखनऊ के हजरतगंज निवासी कारोबारी के बेटे व लामार्टीनियर में 11वीं के छात्र का सोमवार सुबह ड्राइवर और उसके दो साथियों ने अपहरण कर लिया। तीनों छात्र को लेकर सीतापुर पहुंचे और मानपुर में कार छोड़कर जंगल में छिप गए। इस बीच अपहरण की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीजीपी ने एसएसपी से वारदात की जानकारी ली। आईजी लखनऊ रेंज पुलिस टीम लेकर सीतापुर पहुंचे और जंगल की कॉम्बिंग कराई। करीब चार घंटे बाद ड्राइवर को गिरफ्तार कर छात्र को सकुशल बरामद कर लिया गया। ड्राइवर के साथियों की तलाश जारी है।

विज्ञापन


एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि राणा प्रताप मार्ग स्थित सर्वोदय कॉलोनी निवासी अनूप अग्रवाल के बेटे अरनव (17) को स्कूल छोड़ने- लाने का काम ड्राइवर संतोष कुमार यादव करता है। सुबह करीब नौ बजे संतोष लाल रंग की एसयूवी से अरनव को लेकर स्कूल को निकला, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। काफी देर तक संतोष घर नहीं लौटा तो अनूप ने उसे कॉल की। कई बार फोन के बाद भी उसने कॉल रिसीव नहीं की। इस पर उन्होंने बेटे का मोबाइल नंबर मिलाया तो वह फोन भी नहीं उठा।

घबराए अनूप ने स्कूल में संपर्क किया तो पता चला कि अरनव आया ही नहीं है। अनूप ने बेटे के अपहरण की आशंका जताते हुए डीजीपी ओपी सिंह को सूचना दी। इस पर सभी थानेदारों को कार का नंबर देते हुए चेकिंग के आदेश दिए गए। हजरतगंज कोतवाली, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सहित अन्य टीमें छानबीन में जुट गईं।
विज्ञापन


अरनव के मोबाइल की आखिरी लोकेशन निगोहां टोल प्लाजा पर मिली। एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्र, सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा और इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही ने टोल प्लाजा पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज निकलवाई तो सुबह 9.29 बजे लाल रंग की एसयूवी जाते हुए दिखी।

विज्ञापन

गन्ने के खेत से छात्र को किया बरामद

जंगल में कांबिंग के दौरान ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। - फोटो : amar ujala
बकौल एसएसपी, सीतापुर पुलिस से संपर्क कर कार की तलाश कराई गई तो वह मानपुर इलाके में लावारिस खड़ी मिली। आसपास के लोगों ने बताया कि कार से चार लोग निकलकर जंगल की ओर गए हैं। इस बीच पहुंचे आईजी लखनऊ रेंज सुजीत पांडे ने अपने सामने कॉम्बिंग कराई। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गन्ने के खेत से अरनव को सकुशल बरामद कर लिया गया।

संतोष को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी ने बताया कि संतोष सीतापुर के कमलापुर बैकुंठपुर का रहने वाला है। उसके साथ सीतापुर का ही सर्वेश यादव और देवा रोड निवासी बचपन का दोस्त अजय थे। अरवन को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस टीम में शामिल इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही, कृष्णानगर इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडे, इंस्पेक्टर इटौंजा शिवशंकर सिंह, सर्विलांस सेल के उपनिरीक्षक आशीष द्विवेदी, सिपाही सुदीप कटियार, रामनिवास शुक्ल, अनीश कुमार, यशकांत, सुधीर सिंह, वीर सिंह को एसएसपी ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें