लखनऊ के इटौंजा में जमीन पैमाइश के नाम पर किसान से रिश्वत लेने के आरोप में शुक्रवार की दोपहर भष्टाचार निवारण संगठन ने तहसील के लेखपाल व कार्यवाहक कानूनगो चन्द्र भूषण उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी फरार है। भष्टाचार निवारण संगठन के द्वारा दो लेखपालों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इटौंजा के महोना कस्बे में किसान बरकत अली का अपने पडोसी से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। किसान के द्वारा इसकी शिकायत तहसील दिवस व कई आला अधिकारियों से की थी।
इस पर अधिकारियों ने महोना के लेखपाल विमल किशोर व बगहा के लेखपाल व इटौंजा सर्किल का कार्यवाहक कानूनगो का कार्य देख रहे चन्द्र भूषण उर्फ पप्पू को जमीन की पैमाइश करने का निर्देश दिया था।
किसान की जमीन पैमाइश करने के नाम पर लेखपाल विमल किशोर व कार्यवाहक कानूनगो-लेखपाल चन्द्र भूषण उर्फ पप्पू ने किसान बरकत अली से 35 हजार की रिश्वत मांगी। किसान ने गरीबी का वास्ता दिया तो दोनों ने दस हजार में सौदा तय कर लिया। किसान ने इसकी शिकायत भष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों से की। अधिकारियों के निर्देश पर इंस्पेक्टर सुंदर सिंह सोलंकी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। कार्यवाही की योजना तय हुई। किसान बरकत अली ने महोना के लेखपाल विमल किशोर को फोन कर रिश्वत के दस हजार रूपये देने की बात कही।