उन्नाव के बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के मामले में बीजेपी सरकार बुरी तरह घिर गई है। इससे पहले कि रविवार को विधायक पर लगे रेप के आरोप पर सरकार कुछ कार्रवाई करती, सोमवार को युवती के पिता की जेल में मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरा प्रशासनिक अमला सकते में आ गया। आनन-फानन में त्वरित कार्रवाई करते हुए एडीजी राजीव कृष्णा के निर्देश पर उन्नाव के एसओ अशोक सिंह और चार सिपाहियों को सस्पेंड कर मारपीट के चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
विज्ञापन
हालात का जायजा लेने के लिए लखनऊ से एएसपी क्राइम टीम के साथ उन्नाव पहुंच गए हैं। प्रमुख सचिव गृह अरविंद सिंह ने नोटिस जारी करते हुए उन्नाव जेल के डीजी और जिला प्रशासन से पूरे मामले की तत्काल रिपोर्ट तलब की है। वहीं, युवती की शिकायत पर एडीजी ने मामले की जांच के सीओ कैंट तनु उपाध्याय को सौंप दी है।
एक दिन पहले ही किया था परिवार ने आत्मदाह का प्रयास
rape victim
- फोटो : amar ujala
मालूम हो कि उन्नाव के माखी थानाक्षेत्र की रहने वाली युवती ने भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर आरोप लगाया था कि जून 2017 में विधायक ने उसे बंधक बनाकर कई बार रेप किया था। यहीं नहीं, विधायक ने अपने गुर्गों से भी रेप कराया। पीड़िता ने थाने में आरोपी विधायक के खिलाफ तहरीर दी, तो पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और उसे टरका दिया।
इसके बाद कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। इस मामले को लेकर पीड़िता का परिवार कई बार लखनऊ में पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी मिला चुका था। एक बार मुख्यमंत्री से जनता दरबार में गुहार लगाई, लेकिन जांच की बात कहकर मामले को टाल दिया गया।
रविवार को पीड़ित परिवार ने प्रशासन के रवैये से दुखी होकर सीएम आवास पर आत्मदाह का प्रयास किया था। राजधानी पुलिस ने पीड़ित परिवार को जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए शांत कराया था। इससे पहले कि मामले की जांच आगे बढ़ती युवती के पिता की रविवार सुबह संदिग्ध हालात में उन्नाव जेल में मौत हो गई।
उल्टी और पेट में था दर्द
मामले की जानकारी देते डॉक्टर अतुल
- फोटो : ani
जेल प्रशासन का कहना है कि युवती के पिता के पेट में रविवार देर रात दर्द उठा था, जिसके बाद उसे उन्नाव जेल से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला अस्पताल के डॉक्टर अतुल ने बताया कि मृतक को रविवार देर रात जिला अस्पताल लाया गया था। उसे पेट में दर्द और उल्टियां हो रहीं थी। सुबह करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। हालांकि कि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मृतक के शरीर में चोट के निशान भी दिख रहे थे।
पुलिस ने चार अप्रैल को युवती के पिता को आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सूत्रों के मुताबिक मोहल्ला सराय थोक, ग्राम पंचायत माखी निवासी युवती के पिता की गांव के ही टिंकू सिंह से मारपीट हो गई थी। इस मामले में बीजेपी विधायक के भाई अतुल सिंह का नाम भी आ रहा था, लेकिन पुलिस ने टिंकू सिंह पर कार्रवाई करने के बजाए विधायक के दबाव में युवती के पिता को आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले में जेल भेज दिया था।