आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लाइन पर स्थित काकोरी के बड़ागांव पुल के पास बने एक ढाबे पर रविवार देर रात युवकों ने आग लगा दी। ढाबा मालिक बढ़ौना गांव निवासी बाबू लाल रावत का सिर्फ इतना कुसूर था कि उसने मुफ्त खाना खिलाने से इनकार कर दिया था। पीड़ित ने थाने में शिकायत की है।
पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले बड़ागांव निवासी युवक से खाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इस पर दबंग ने धमकाया था। रविवार देर रात दबंग दो बाइक व कार से 12 साथियों के साथ आ धमका और मुफ्त में खाना खिलाने का दबाव बनाने लगा। विरोध पर पीटा और ढाबे में आग लगा दी।
आरोप है कि दबंग गल्ले से 17 हजार नकदी भी लूट ले गए। राहगीरों की मदद से बाबू लाल ने किसी तरह आग पर काबू पाया। वहीं, जब इस संबंध में घुरघुरी तालाब चौकी इंचार्ज अजय शुक्ला ने बताया कि जांच की जा रही है।