लखनऊ में रेप का एक खौफनाक मामला सामने आया है। इससे न सिर्फ दोस्ती तार-तार हुई है, बल्कि विश्वास का भी हत्या हुई है।
दोस्ती कर पहले एक छात्रा को युवक बहला-फुसला कर लखनऊ ले गया। इसके बाद उसे दो दिनों तक बंधक बनाकर अपने दोस्त के साथ सामूहिक दुराचार किया।
इसके बाद छात्रा को बेहोशी की हालत में लखनऊ के डफरिन अस्पताल के गेट पर छोड़ भाग गया। मामला संज्ञान में आने के बाद लखनऊ पुलिस ने उसे भर्ती कराया।
लखनऊ में हुई इस वारदात की रिपोर्ट वहां न लिखे जाने पर पीड़ितों की तहरीर महमूदाबाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
महमूदाबाद निवासी एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बेटी लखनऊ में बैंकिंग की कोचिंग करती थी। उसकी दोस्ती महमूदाबाद कस्बे के ही राहुल नाम के युवक से हो गई थी। जिसके चलते राहुल उसे पांच अगस्त की रात घर से बुला ले गया। इसके बाद उसे लखनऊ के अलीगंज के एक मकान में रखा।
फेंक गए डफरिन हॉस्पिटल के सामने
इस मकान में राहुल का मऊ निवासी दूसरा दोस्त राहुल बोधकर भी रहता था। आरोप है कि इन दोनों युवकों ने दो दिनों तक छात्रा के साथ सामूहिक दुराचार किया। छात्रा जब बेहोश में आई तो आरोपी उसे लखनऊ के डफरिन अस्पताल गेट पर छोड़ भाग निकले।
लखनऊ के वजीरगंज कोतवाली पुलिस को जब इसकी खबर लगी तो पुलिस कर्मियों ने उसे डफरिन अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही उसका पता लेकर महमूदाबाद पुलिस को मेमो भेज दिया। मामला संज्ञान में आने पर महमूदाबाद पुलिस ने छात्रा के परिवारीजनों को सूचना दी।
गिरफ्त में एक आरोपी
छात्रा के पिता ने कस्बा निवासी राहुल व उसकी नर्स बहन तथा उसके दोस्त राहुल बोधकर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कराया। महमूदाबाद इंस्पेक्टर ने बताया कि लखनऊ की पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया। पीड़िता का पिता न भटके इसके लिए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है।