कानपुर में रहने वाली एक युवती को ममेरी बहन से प्यार हो गया। घर वालों के आड़े आने पर दोनों बहनें घर से भाग निकली। एक महीने से विकासनगर क्षेत्र में रह रही थी।
इस दौरान परिवार से फोन पर बात होती रही, लेकिन युवती ने ठिकाना नहीं बताया। घरवालों ने आखिरकार मंगलवार को उसे ढूंढ निकाला। इस पर युवती ने हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने थाने ले जाकर पूछताछ की। कोई नतीजा न निकलने पर कानपुर पुलिस को लापता युवती मिलने की सूचना दी गई है।
बिहार के सीवान निवासी एक महिला पति की मौत के बाद छह बच्चों को साथ लेकर कानपुर के लालबंगला इलाके में रहने लगी। एक फैक्ट्री में नौकरी कर बच्चों की परवरिश शुरू की।
इस दौरान मंझली लड़की की सीवान में रहने वाली ममेरी बहन से नजदीकी बनी और दोनों में प्यार हो गया। जानकारी पर परिवार ने समझाया, न मानने पर डांटा-फटकारा।
दबाव बढ़ने पर 13 जुलाई को युवती कानपुर से भाग निकली, उधर ममेरी बहन भी सीवान से गायब हो गई। बेटी के लापता होने से परेशान महिला ने कानपुर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ ही हुसैनगंज में ब्याही बड़ी बेटी को सूचित किया।
कुछ दिनों बाद युवती ने परिवार से बातचीत तो शुरू कर दी, लेकिन रहने की जगह नहीं बताई। इस बीच बेटी की तलाश में भटक रही महिला को सोमवार को कुछ जानकारी मिली।
इस पर वह बेटे व तीन बेटियों के साथ लखनऊ पहुंची और गुडंबा व विकासनगर क्षेत्र में तलाश शुरू की। शाम को फोन कर बेटी को बहाने से मिलने के लिए बुलाया।
खुद को परिवार से घिरा देकर युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस सबको थाने ले गई। एसओ व अन्य पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक पूछताछ की।
युवती ने न तो ठिकाना बताया और न ही ममेरी बहन के बारे में जानकारी दी। साथ ही मां के साथ न जाने पर अड़ी देख कानपुर पुलिस को सूचना दे दी गई।