शूटर गिरधारी विश्वकर्मा की पुलिस मुठभेड़ में मौत की जांच सीजेएम सुशील कुमारी करेंगी। जांच का आदेश देते हुए उन्होंने इसकी प्रति जिला न्यायाधीश, पुलिस आयुक्त व सहायक पुलिस आयुक्त विभूतिखंड को भेजी है।
इसमें कहा गया है कि गिरधारी को 13 से 16 फरवरी की सुबह 11 बजे तक के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर दिया गया था। 15 फरवरी को अभियुक्त के अधिवक्ता ने अर्जी देकर कोर्ट को बताया कि गिरधारी का पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान एनकाउंटर कर दिया गया है।
वहीं, विवेचक की ओर से इसके संबंध में कोई लिखित सूचना नहीं मिली। जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक की ओर से बताया गया कि अभियुक्त बरामदगी स्थल पर ले जाने के दौरान मुठभेड़ में मारा गया। यह भी कहा गया कि गिरधारी के खिलाफ ही हत्या के प्रयास के आरोप में विभूतिखंड थाने में केस कराया गया है। जनपद न्यायाधीश लखनऊ से विचार-विमर्श करने के बाद प्रकरण की जांच उनके न्यायालय द्वारा की जाएगी।