भले ही यूपी सरकार महिलाओं के साथ बढ़ रही अपराध की घटनाओं को रोकने का दावा कर रही हो लेकिन हकीकत यही है कि, दरिंदों का हौसला बढ़ता ही जा रहा है। एक बार फिर राजधानी में एक युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है।
तीन दबंग युवक माल थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर परिवार के साथ सो रही इंटरमीडिएट की छात्रा को उठा ले गए। फिर दोस्तों संग दुष्कर्म किया।
रिश्तेदार था दंरिदा
रिश्तेदार की करतूत की भनक लगने पर युवती का पिता अपने सालों को लेकर मौके पर पहुंचा। वहां बेहोश मिली छात्रा को अस्पताल ले जाकर इलाज कराया और रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, एक दलित युवती बुधवार रात परिवार के साथ घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रही थी। गुरुवार सुबह युवती के लापता होने पर परिवार ने गांव में तलाश की। कुछ पता न लगने पर माल थाने में गुमशुदगी की सूचना दी।
घर में बनाया बंधक
युवती के पिता को शुक्रवार सुबह पता चला कि, उसकी बेटी 15 किमी दूर बाजार गांव में एक रिश्तेदार के घर बंधक बनी है। इस पर वह अपने दो सालों को लेकर बाजार गांव में रिंकू रैदास के घर पहुंचा।
दोस्तों संग किया अगवा
वहां छात्रा अस्तव्यस्त हालत में बेहोश पड़ी थी। पिता रिश्तेदारों की मदद से उसे अस्पताल ले गया। इलाज के बाद होश आने पर युवती ने बताया कि, रिंकू अपने साथी बबलू व जगदीशपुर निवासी नागेंद्र की मदद से उसे मुंह दबाकर उठा ले गया था।
गांव के बाहर ले जाकर धमकाया। इसके बाद बाइक पर बैठाकर बाजार गांव ले गया। वहां बंधक बनाकर तीनों युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बेहोश छोड़कर भाग गए।