मोहनलालगंज की सिसेंडी चौकी क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों ने रविवार देर शाम घर से निकली एक किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर सामूहिक दुष्कर्म किया और बेहोशी की हालत में गड्ढे में फेंककर भाग निकले।
परिवारीजन उसे लेकर पुलिस चौकी पहुंचे। कोई नतीजा न निकलने पर कोतवाली ले गए। पुलिस ने किशोरी को अस्पताल भेजने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की है।
सिसेंडी क्षेत्र की एक किशोरी रविवार देरशाम अपनी मौसेरी बहन के साथ खेत की तरफ गई थी।
वहां से संदिग्ध हालात में लापता हो गई। मौसेरी बहन ने उसे ढूंढा। कुछ पता न चलने पर घर लौटकर परिवारीजनों को जानकारी दी।
माता-पिता व परिवार के अन्य लोग टार्च लेकर निकले। खेत व आसपास की झाड़ियां खंगालनी शुरू की। झाड़ियों के पास एक गड्ढे में किशोरी बेहोश पड़ी मिली। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा था और कपड़े अस्तव्यस्त थे।
परिवारीजन उसे उठाकर घर लाए। पानी के छींटे मारने पर होश में आई किशोरी ने गांव के ही दिल्ली लोधी व शैलेंद्र पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। किशोरी का कहना है कि दोनों ने झाड़ी में घसीटकर दुष्कर्म किया।
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज कमरुद्दीन खान का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके घर पर दबिश दी गई लेकिन दोनों फरार थे। किशोरी के साथ खेत गई बहन से तहकीकात की गई है।
उसका कहना है कि कुछ देर के लिए दोनों बहनें अलग-अलग बैठी थीं। पीड़िता को डॉक्टरी मुआयने के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। गांव में जांच पड़ताल के साथ पुलिस की एक टीम आरोपियों की टोह ले रही है।