राजधानी में तीन अलग-अलग जगहों पर जिंदगी से हताश महिला समेत तीन ने खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।
पुलिस के मुताबिक, सी-5588 निवासी आश्विन करिढाल (38) जनरल स्टोर में काम करता था। पत्नी मीरा ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था।
शराब पीकर अक्सर उसको मारता पीटता था। पति ने बीते 8 जून को उसको जमकर मारापीटा और घर से भगा दिया। तब से मकबूलगंज में अलग रह रही थी।
शुक्रवार को पति ने कमरे में चादर से पंखे के कुंडे से लटककर जान दे दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसआई भुवनेश तिवारी ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें उसने लिखा है कि वह अपनी मर्जी से सुसाइड कर रहा है।
इसमें किसी भी मां, बाप व पत्नी समेत किसी भी परिवारवाले का कोई दोष नहीं है। उधर, सआदतगंज के कटरा विजन बेग निवासी गोपाल मिश्रा (36) अपनी मां मनोरमा व छोटी बहन अंजलि के साथ रहता था।
मां मनोरमा के मुताबिक, उसका बेटा शराब पीने का आदी था। अक्सर वह शराब पीकर उसको व बहन को मारता पीटता था।
उसकी हरकतों से परेशान हो दो महीने से बेटी संग ठाकुरगंज के कल्याणपुर में किराए का मकान लेकर रहने लगी।
15 दिन पहले फोन कर उसको व बहन को लौट आने को कहा। मगर, उसको मना कर दिया। शुक्रवार को घर से तेज बदबू आने पर मोहल्ले वालों ने मनोरमा व पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो वह गमछे व पंखे के सहारे लटका मिला।
शव दो दिन पुराना होने की वजह से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मां मनोरमा व बहन अंजलि का रो-रोकर बुरा हाल था। अंजलि प्राइवेट स्कूल में टीचर है।
उधर, काकोरी के इब्राहिमपुर गांव निवासी लड्डू मजदूर है। उसके परिवार में पत्नी मन्नो (35) व चार बच्चे अनूप, करंती, सोने व अंशू हैं।
शुक्रवार सुबह बच्चे जब सोकर उठे तो मां को साड़ी के सहारे धन्नी से लटका देख उनके होश उड़ गए।
शोर सुनकर लड्डू आ गया और शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। महिला के भाई मनोहर के मुताबिक, वह काफी सालों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थी।