चौक में नाला सफाई को लेकर झगड़े में विधायक रेहान नईम के प्रतिनिधि व पूर्व पार्षद मो. सलीम को थप्पड़ मारने के बाद शनिवार रात बवाल हो गया।
विधायक प्रतिनिधि ने समर्थकों के साथ दूसरे पक्ष के घर पर जमकर पथराव किया।
जवाब में दूसरे पक्ष के लोगों ने छत पर चढ़कर लाइसेंसी असलहों से फायरिंग की। कई राउंड अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए।
सूचना पाकर पुलिस व प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। इलाके में तनाव के मद्देनजर पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने फायरिंग के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
नाला सफाई को लेकर हुई कहासुनी
झगडे़ की शुरुआत शनिवार दोपहर तीन बजे हुई थी। तंबाकू मंडी निवासी मो. सलीम अकबरी गेट में इरफानिया मदरसा के पास नाला सफाई का निरीक्षण करने आए थे।
नाला गंदा देखकर उन्होंने लोगों से सफाई कराने के लिए कहा। बताते हैं कि पास ही रहने वाले बिल्डर नसीर अब्बासी से नाला सफाई को लेकर उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि नसीर और उनके परिवार के सदस्यों ने सलीम को थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर सबने सलीम को बंधक बना लिया। सूचना पाकर पहुंचे विधायक ने मामला शांत कराया।
चली बीस राउंड गोलियां
शाम करीब सवा सात बजे इरफानिया मदरसे में नमाज के बाद सलीम करीब 150 समर्थकों के साथ नसीर के घर के बाहर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। वहीं समर्थकों ने पथराव शुरू कर दिया।
इससे घर के भीतर खड़ी कार और खिड़की-दरवाजों के शीशे टूट गए। बताते हैं कि पथराव होने पर नसीर के परिवार के कुछ सदस्य लाइसेंसी असलहे लेकर छत पर आ गए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
करीब बीस राउंड गोलियां चली जिससे भगदड़ मच गई। फायरिंग में मड़ियांव निवासी कलीम और इलाके में ही रहने वाले मकसूद और तौफीक घायल हो गए।
तैनात हुई पीएसी
कलीम की छाती की दाईं तरफ गोली लगी है जबकि तौफीक की गर्दन में। मकसूद के दाएं हाथ में गोली लगी है। बवाल की सूचना पाकर एसएसपी प्रवीण कुमार और पुलिस-प्रशासन के अफसरों सहित जिले भर की फोर्स मौके पर आ गई।
घायलों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। यहां कलीम और तौफीक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने फायरिंग के आरोपी नसीर और कल्बे आबिद प्रथम वार्ड के पूर्व पार्षद हलीम को हिरासत में ले लिया है। देर रात तक मौके पर पुलिस प्रशासन के अफसर मौजूद थे। हालात काबू में रखने के लिए पीएसी तैनात कर दी गई है।