प्लास्टिक सामान की फैक्ट्री में लगी आग
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के कैसरबाग के हीवेट रोड सुन्दरबाग स्थित तीन मंजिले प्लास्टिक सामान की फैक्ट्री में शनिवार देर रात आग लग गई। फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और आग की लपटों से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों से भागकर जान बचाने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस व फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर छह दमकल की गाड़ियों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री मालिक के मुताबिक आग की चपेट में आने से करीब छह लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
माल एवेन्यू सरोजनी मार्ग निवासी आशीष कुमार रौनियाल का कैसरबाग के सुन्दरबाग में जेन होटल प्रोडक्ट के नाम से प्लास्टिक सामानों की फैक्ट्री व गोदाम है। रिहायशी इलाके में तीन मंजिला भवन में यह फैक्ट्री अवैध रूप से चल रही थी। स्थानीय लोगों ने इसके खिलाफ कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार शाम को बकरीद का त्योहार था। इस दिन फैक्ट्री के ज्यादातर कर्मचारी अवकाश पर थे।
ड्यूटी पर गार्ड पंकज, नौकर दयाशंकर और नंदलाल थे। देर रात करीब साढ़े तीन बजे फैक्ट्री के तीसरी मंजिल से आग की लपटें और धुआं निकलने लगा। इसे देख गार्ड पंकज ने फैक्ट्री मालिक आशीष को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर आशीष का भाई आनंद पहुंचा। आनंद ने पुलिस और फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर इंस्पेक्टर कैसरबाग धीरेन्द्र कुमार उपाध्याय और सीएफओ अभय भान पाण्डेय टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।