लखनऊ में हजरतगंज के एक शोरूम में नौकरी करने वाले युवक ने चार्जिंग में लगे सेल्सगर्ल के मोबाइल फोन से उसके फोटो व वीडियो चुराए और उसे ब्लैकमेल करने लगा। वीडियो क्लिप यू-ट्यूब पर अपलोड करने की धमकी से परेशान युवती ने सोमवार को केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर हजरतगंज आनंद कुमार शाही के मुताबिक, एक शोरूम की सेल्सगर्ल को 11 अक्तूबर को अनजान नंबर से वाट्सएप पर मैसेज मिला। उसमें युवती की ही आपत्तिजनक वीडियो क्लिप थी। क्लिप भेजने वाले ने युवती पर मुलाकात का दबाव बनाया। इन्कार पर उसने वीडियो क्लिप को यू-ट्यूब पर अपलोड करके बदनाम करने की धमकी दी।
इसके साथ वीडियो कॉल करके तंग करना शुरू किया। युवती ने सोमवार को पुलिस से शिकायत की। उसने कहा कि नवंबर 16 में शोरूम पर ड्यूटी के दौरान उसने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया था। शोरूम पर साथ काम करने वाले अंकुर जोशी ने उसे काम में व्यस्त देखकर मोबाइल की गैलरी खंगालनी शुरू की। उसमें से युवती के निजी फोटो व वीडियो अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिए।