एक तरफ लखनऊ में बेटियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए सरकार ने एंटी रोमियो अभियान छेड़ रखा है, वहीं दूसरी तरफ बेखौफ शोहदे दुस्साहस से बाज नहीं आ रहे। हसनगंज इलाके में एक शोहदे की ऐसी ही करतूत सामने आई है।
चौका-बर्तन करके घर का खर्च चलाने वाली महिला की नाबालिग भतीजी से एक दबंग युवक कई दिनों से छेड़खानी कर रहा था। हरकतें बर्दाश्त से बाहर होने पर हिम्मत जुटाकर विरोध जताया तो वह किशोरी के घर जा धमका।
परिवारीजनों से गाली-गलौज के साथ बेटी को उठा ले जाने की धमकी दी और अगले दिन घर से निकली किशोरी को रास्ते में रोककर मांग में सिंदूर भरा और अश्लील हरकतें कीं। घर लौटी किशोरी ने पुलिस कंट्रोल रूम कॉल की तो शोहदे ने बनारस के सांसद के नाम से फोन करके धमकाया। गरीब महिला ने हिम्मत जुटाकर हसनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, गरीब महिला की नाबालिग भतीजी को बाबूगंज डेला हाउस निवासी आकाश उर्फ हिमांशु तिवारी काफी समय से तंग कर रहा था। आरोप है कि घर के आसपास चक्कर काटता और किशोरी के निकलने पर उससे छेड़खानी करता था। किशोरी काफी समय तक हरकतों को नजरअंदाज करती रही।