प्रवर्तन निदेशालय ने मल्टी लेवल मार्केटिंग कंपनी मैग्नम ग्रुप से जुड़ी चार दुकानों को अटैच कर लिया है। यह दुकानें जानकीपुरम स्थित जानकी प्लाजा में दुकान संख्या जी 1, जी 11, जी 12 और जी 13 हैं।
ईडी के मुताबिक अटैच की गई संपत्तियां मैग्नम ग्रुप के संचालक अरुण कुमार चतुर्वेदी और वरुण कुमार चतुर्वेदी की हैं। इसकी कीमत 60,04,300 रुपये है। मैग्नम ग्रुप ने जमीन व प्लॉट के आवंटन के नाम पर वर्ष 2011 से 2014 के बीच सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए।
मैग्नम के निदेशकों और अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ ठगी के कुल 83 मामले दर्ज हैं। इनमें 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला हुआ था। प्रवर्तन निदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि लखनऊ की गुडंबा पुलिस और सीबीसीआईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल करने के बाद 18 मार्च 2016 को ईडी ने मामला दर्ज किया था।
जांच में पता चला कि मैग्नम ग्रुप ऑफ कंपनी के निदेशकों ने अलग-अलग खातों में अकूत धन अर्जित किए। इससे लक्जरी गाड़ियां और जानकी प्लाजा में दुकानें खरीदी गईं। इस मामले में जांच अभी जारी है और जल्द ही कुछ और संपत्तियां अटैच की जा सकती हैं।