इटौंजा के गुलालपुर गांव में सोमवार सुबह गेहूं की फसल काटने के बाद बोझ बांधने के लिए रस्सी को लेकर दो युवकों में मारपीट होने लगी।
बेटे को पिटता देख बीमार पिता ने नहीं रहा गया और बचाने पहुंच गया।
बीच में दखल से भड़का आरोपी उस पर टूट पड़ा और धक्का दे दिया। जमीन पर गिरते ही सीने पर चढ़ बैठा और गला दबाने लगा।
बेटे के शोर मचाने पर लोगों को आता देख आरोपी भाग निकला।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव फैल गया।
भड़के ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। तनाव के चलते गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार रजी (18) गांव के ही अजीम के खेत में गेहूं की फसल काट रहा था।
उसके साथ कुछ और लोग भी खेत में काम कर रहे थे। इस दौरान रजी बोझ बांधने के लिए आसपास पड़े जूना (रस्सी) को उठाने लगा।
इस पर खेत में काम कर रहे गांव के ही अजीत रावत उर्फ मोनू उसे रोकते हुए खुद जूना लेने लगा।
इसे लेकर दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। अजीत ने अपने साथी के साथ रजी को पीटना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर रजी के पिता ईद्दू खां मौके पर पहुंच गए और बेटे को बचाने की कोशिश करने लगे।
आपे से बाहर अजीत ने बीमार ईद्दू को भी नहीं बख्शा और पीटने के साथ धक्का देकर गिरा दिया।
इसके बाद आरोपी मिलकर पिता-पुत्र को पीटने लगे। ईद्दू के शोर मचाने पर अजीत ने उसका गला पकड़ लिया और दबाने लगा। पहले से बीमार ईद्दू बेसुध होकर गिर पड़े।
ग्रामीणों के जुटने से पहले आरोपी भाग निकले।
गंभीर हालत में ईद्दू को कुम्हरावां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
खबर फैलते ही पूरे गांव का माहौल गरमा गया। देखते ही देखते लोग जुटने लगे।
बवाल की आशंका पर एसओ इटौंजा विनोद कुमार यादव फोर्स के साथ पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर स्थिति संभाली।
पुलिस ने ईद्दू की पत्नी मोबिना की तहरीर पर अजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उधर,पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही एक बार फिर से स्थित तनावपूर्ण हो गई।
तनाव की स्थित देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।