फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंस्पेक्टर की रायफल ने ली बीटेक छात्र की जान

Wed, 05 Mar 2014 09:13 AM IST
संजय त्रिपाठी/अमल उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
गुडंबा में एलआईयू के एक इंस्पेक्टर की लाइसेंसी रायफल से सोमवार देर रात संदिग्ध हालात में चली गोली ने बीटेक छात्र की जान ले ली।
विज्ञापन


पड़ोस में रहने वाला छात्र इंस्पेक्टर के बेटे का बचपन का दोस्त होने के नाते साथ में पढ़ाई के इरादे से रात को उसी के घर पर ठहरा था।
 
मोहल्ला शिवपुरी कल्याणपुर निवासी बीटेक छात्र अश्विनी कुमार राय उर्फ आशू (20) सोमवार रात घर के सामने रहने वाले एलआईयू इंस्पेक्टर आरबी सिंह के घर रुका था।

आरबी सिंह के बेटे आनंद विक्रम सिंह से उसकी दोस्ती थी। कंप्यूटर साइंस से एमटेक कर रहे आनंद और अश्वनी रात में साथ पढ़ते थे।

दोनों घर के प्रथम तल पर स्थित कमरे में थे। कमरे में ही आरबी सिंह की लाइसेंसी रायफल रखी थी।

रात दो बजे संदिग्ध हालात में रायफल से फायर हुआ और गोली अश्विनी के पेट को चीरती हुई कमरे की छत से जा टकराई। फायर की आवाज से आसपास के लोग जाग गए।

भूतल के कमरे में सो रही आनंद की चाची भागती हुई कमरे में पहुंची। आनंद ने घर के सामने रहने वाले अश्विनी के पिता रिटायर्ड फौजी प्रवीण कुमार राय को जगाया। खून से लथपथ छात्र को एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से कमांड अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन


इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस को भनक लगी। गुडंबा थाना प्रभारी ने रायफल कब्जे में लेने के साथ मौके पर पहुंचकर तहकीकात शुरू की। आनंद ने बयान दिया कि रात ढाई बजे के करीब पढ़ाई कर रहे थे।

इस बीच बाथरूम गया था कि गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उल्टे पांव लौटा तो बेड के पास फर्श पर अश्वनी खून से लथपथ पड़ा था। नजारा देख घबरा गया।

चाची ने उसके घर जाकर जानकारी दी। आनंद के अनुसार अश्विनी रायफल से खिलवाड़ कर रहा था। इस दौरान गोली चल गई।

लाइसेंसी असलहे के प्रति लापरवाही
कुशीनगर में तैनात एलआईयू इंस्पेक्टर आरबी सिंह ने लाइसेंसी रायफल घर में रख छोड़ी थी। लोडेड रायफल प्रथम तल पर स्थित कमरे में बेड पर रखी रहती थी। लाइसेंसी असलहे के प्रति इंस्पेक्टर की लापरवाही के चलते बीटेक छात्र को जान से हाथ धोना पड़ा।

बीटेक छात्र को गोली लगने के कई घंटे बाद गुडंबा पुलिस को भनक लगी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू की। इस बीच एलआईयू इंस्पेक्टर आरबी सिंह के करीबी रिश्तेदार रिटायर्ड सीओ आ चुके थे। मामला रफादफा कराने की कोशिश होते देख आसपास के लोगों ने जांच की मांग की।
विज्ञापन


छत पर लगी गोली की दिशा को लेकर हत्या का संदेह जताया। वहीं आरबी सिंह के परिवारीजनों ने रायफल से निकली गोली के छत से टकराने के बाद अश्वनी के पेट में लगने की आशंका जताई। पुलिस ने विभिन्न संभावनाओं के मद्देनजर पड़ताल शुरू की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें