लखनऊ में पारा के सलेमपुर पतौरा के सूरजकुंडखेड़ा में आम के बाग में कई टुकड़ों में एक युवक का शव मिला। युवक की हत्या कर पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने टुकड़ों में लाश फेंकी। मौके से पुलिस को शव का सिर, हाथ व पैर मिला, लेकिन धड़ नहीं मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजवाया। पारा प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद पांडेय ने बताया कि सलेमपुर पतौरा के ग्राम प्रधान के बेटे गुड्डू ने सोमवार सुबह सात बजे पुलिस को सूचना दी कि सूरजकुंड खेड़ा स्थित प्रताप दीक्षित के बाग में युवक का कई टुकड़ों में शव पड़ा है।
शव चादर में बंधा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने चादर खोल कर देखा तो करीब 35 वर्ष के युवक का सिर, हाथ व पैर क्षतविक्षत हालत में मिला। चादर में उसका धड़ नहीं था। शव के पास ही एक प्लास्टिक की बोरी मिली। काफी देर तक शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेजवाया।