पुराने शहर के घनी आबादी वाले मोहल्ला रोहली टोला में सर्राफ उमेश चंद्र वर्मा के घर में सुबह साढ़े छह बजे डकैती पड़ गई। मारुति वैन से पहुंचे पांच बदमाशों ने परिवार के सभी लोगों को असलहों के जोर पर कब्जे में ले लिया। बच्चों की कनपटी पर तमंचा लगाकर चाबियां हासिल कीं, एक घंटे तक इत्मीनान से पूरा घर खंगाला और साढ़े तीन किलो सोना, दस किलो चांदी और ढाई लाख रुपये कैश के साथ दो मोबाइल लूट ले गए।
सर्राफ के मुताबिक पांचों बदमाश मुंह पर रुमाल बांधे हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शहर में कांबिंग की लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं लगा। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।
रोहली टोला निवासी सर्राफ उमेश चंद्र वर्मा सोमवार सुबह साढे़ छह बजे घर का मुख्य दरवाजा खोलकर गैलरी की धुलाई कर रहे थे तभी एक मारुति वैन बाहर आकर रुकी। वैन से उतरकर अंदर घुसे एक युवक ने पहले तो यह कहा कि गलती से आपके घर में आ गया हूं और फिर उन्हें दबोच लिया।
दुधमुहे बच्चों को बनाया बंधक
उमेश के कुछ समझ पाने से पहले ही चार और युवक घर में घुस गए। पांचों उन्हें घसीटते हुए अंदर कमरे में ले गए और हाथ-पैर बांधकर एक तरफ डाल दिया। इस बीच कमरे में सो रही उमेश की पत्नी मुन्नी देवी जाग गईं और चीखने लगीं। बदमाशों ने उन्हें भी बंधक बना दिया। उनकी चीख सुनकर ऊपर कमरे से उतरकर पुत्रवधू पायल नीचे आई तो बदमाशों ने उसकी कनपटी पर भी तमंचा रख दिया और कमरे में बैठा लिया।
परिवार वालों के मुताबिक चार वर्षीय बेटे वंश और दुधमुंही बेटी की रोने की आवाज आने पर पायल ने ऊपर जाना चाहा तो बदमाशों ने उसके बाल पकड़कर कमरे में ही बैठा दिया। एक बदमाश ऊपर जाकर बच्चों को नीचे ले आया।
बदमाशों ने बच्चों की कनपटी पर तमंचा रखकर चाबी मांगी। दंपति के पास चाबी नहीं मिली तो बदमाशों ने ढूंढ-ढांढकर बगल के कमरे में रखी चाबिया हासिल कर लीं। इसके बाद उन्होंने अलमारी का लॉक खोलकर दो किलो सोने के गहने और ढाई लाख कैश लूट लिया।
इसके बाद बदमाशों ने ऊपरी मंजिल खंगाली। डबल बेड का बाक्स और अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे गिरवी गांठ के डेढ़ किलो सोने और दस किलो चांदी के जेवर लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाशों ने पानी की बोतल खोलकर बंधे पड़े दंपति और उनकी पुत्रवधू को पानी पिलाया और मेन गेट को बाहर से बंद करके भाग गए। पुलिस को सूचना न दी जा सके इसलिए जाते-जाते घर में मिले दोनों मोबाइल फोन भी ले गए।
कितना लूटा अभी नहीं लगाया हिसाब
बदमाशों के फरार होने के बाद पायल ने अपने ससुर उमेश चंद्र को बंधनमुक्त किया। इसके बाद उमेश ने थाना बारादरी जाकर पुलिस को घटना की सूचना दी। इंस्पेक्टर मुहम्मद कासिम ने उन्हें अपने साथ जीप में बैठाकर सेटेलाइट, सौ फुटा रोड, संजयनगर आदि स्थानों पर बदमाशों को तलाश करने की कोशिश की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
सर्राफ उमेश चंद्र वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में फिलहाल साढ़े तीन किलो सोना, दस किलो चांदी और ढाई लाख कैश समेत करीब 1.10 करोड़ का माल लूटे जाने का जिक्र किया है, लेकिन उनका कहना है कि बदमाशों ने चूंकि उन्हें नीचे कमरे में बांधकर डालने के बाद पूरे घर में लूटपाट की थी इसलिए वह अभी लूटी गई संपत्ति का सही-सही ब्योरा नहीं दे पा रहे हैं। हो सकता है कि बदमाश और भी संपत्ति लूट ले गए हों। इसकी जानकारी वह घर में ठीक से छानबीन करने के बाद दे पाएंगे।