लखनऊ में विकासनगर के सबौली गांव में दबंगों ने बृहस्पतिवार को एक युवक को सरेराह नंगा कर खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर अधमरा कर दिया। इस बीच किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दे दी।
मौके पर पुलिस के पहुंचते ही दबंग भाग निकले। पुलिस ने एक को मौके से हिरासत में ले लिया है। वहीं, पीड़ित के भाई की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विकासनगर के सबौली गांव निवासी रवि रावत टेढ़ी पुलिया स्थित सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करता है। भाई सोनू के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर को रवि मंडी में था। इस बीच रंजिश रखने वाले अकील, नंदी वर्मा, शानू और मन्नू रावत लाठी-डंडे से लैस होकर आ धमके और रवि की पिटाई शुरू कर दी।