हुसैनगंज निवासी एक कान्वेंट स्कूल की शिक्षिका के क्रेडिट कार्ड से अमेरिका में किसी शातिर ने शॉपिंग कर ली।
शिक्षिका के मोबाइल फोन पर एसएमएस आया तो उनके होश उड़ गए।
उन्होंने हुसैनगंज कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
आइना बीबी पार्क इलाके के (58/226) में रहने वाली सीमा सक्सेना राजधानी के एक प्रतिष्ठित स्कूल में शिक्षिका हैं।
उन्होंने बताया कि वह कई साल से आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल कर रही हैं। बुधवार सुबह करीब सात बजे उनके मोबाइल पर एक एसएमएस आया जिसमें उनके क्रेडिट कार्ड से दो ट्रांजेक्शन होने की सूचना दी गई।
बकौल सीमा, एसएमएस आया था, इससे पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से अमेरिका में 69.4 और 28.95 यूएस डॉलर की शॉपिंग की गई है। एसएमएस पढ़ते ही सीमा के होश उड़ गए।
सीमा ने बताया कि वह कभी अमेरिका नहीं गईं। उनके पास पासपोर्ट तक नहीं है। इसके बावजूद किसी ने उनके क्रेडिट कार्ड के जरिए शॉपिंग कर ली।
उन्होंने तत्काल हुसैनगंज कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। सीमा का कहना है कि कुछ दिन पहले उन्होंने एक सेल में शॉपिंग का भुगतान क्रेडिट कार्ड से किया था।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों ने बताया कि सेल से ही शिक्षिका के क्रेडिट कार्ड की डिटेल चोरी हुई होगी। क्राइम ब्रांच ने ट्रांजेक्शन के बारे में जानकारी के लिए बैंक से संपर्क किया है।