सीतापुर के रामकोट में एक प्रेमी युगल ने फांसी लगा ली। दोनों कुछ समय से लिव इन में रहते थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। दोनों ने आत्महत्या किस वजह से की, इसका पता नहीं चल सका है। हालांकि पुलिस जांच में जुटी हुई है। मकान मालिक के मुताबिक दो हफ्ते पहले ही प्रेमी युगल ने कमरा किराए पर लिया था।
महोली के ग्राम अमिरिता निवासी सुधीर कुमार (25) चार माह पूर्व अपनी प्रेमिका पिसावां के ग्राम खोजेपुर निवासी रेनू के साथ भाग गया था। 7 नवंबर को उसने रामकोट के ग्राम भवानीपुर निवासी सपना मिश्रा के घर में किराए पर कमरा लिया और रहने लगा। उसके साथ उसकी प्रेमिका रेनू भी थी। दोनों लिव इन में रहते थे।
मंगलवार सुबह काफी देर तक जब दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले तो पड़ोसी चिंतित हो उठे। सूचना पाकर मकान मालिक ने दीवार के झरोखों से उनके कमरे में झांका तो तख्त पर रेनू का शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। रेनू के गले में दुपट्टे का फंदा कसा हुआ था। जबकि छत के कुंडे से सुधीर का शव लटक रहा था। उसके गले में साड़ी का फंदा कसा हुआ था। यह देख सपना ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुधीर का शव नीचे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। थानाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी बात को लेकर विवाद होने पर पहले रेनू ने फांसी लगा ली। सुधीर ने उसे बचाने के लिए फंदे से नीचे उतारा। जब उसकी मौत हो गई तो उसने भी आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी आत्महत्या की पुष्टि हुई है।
पिता बोले, हरियाणा जाने की बात कहकर घर से निकला था
- फोटो : amar ujala
सुधीर के पिता कालीचरन की माने तो सुधीर चार माह पूर्व यह कहकर घर से निकला था, कि वह काम करने हरियाणा जा रहा है। इस बीच उसने कभी नहीं बताया कि उसके साथ कोई लड़की भी है। पिता का कहना है कि वह जब भी कॉल करता था, यही बताता था कि वह हरियाणा में है। चार दिन पहले ही बात हुई थी। उसने बताया कि वह रामकोट के भवानीपुर में रह रहा है।
सुधीर के परिवार ने ही लिये दोनों शव
प्रेमी व प्रेमिका ने फांसी लगाकर जान दे दी, इसके बावजूद लड़की पक्ष से कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इतना ही नहीं, लड़की पक्ष पोस्टमार्टम हाउस भी नहीं गया। जिसके बाद सुधीर का परिवार दोनों शवों को लेकर अपने गांव रवाना हो गया।
पति व पत्नी बताकर लिया था घर
सपना मिश्रा ने बताया कि सुनील और रेनू उनके पास पहुंचे और खुद को पति व पत्नी बताते हुए कमरा किराए पर लिया था। अब जब दोनों की मौत हो गई है, तब पता चला है कि दोनों ने विवाह नहीं किया था। सपना मिश्रा का कहना है कि उन्होंने नवविवाहित समझकर ही उन्हें किराए पर कमरा दिया था।