गोमतीनगर थाने में तैनात एक कांस्टेबल शनिवार को ड्यूटी पर जाने के बजाय अपनी प्रेमिका को लेकर भाग निकला।
इसकी भनक लगने पर पुलिस ने तलाश शुरू की। कुछ पता न लगने पर जीडी में लिखा-पढ़ी करके एसएसपी को जानकारी दी गई है।
कांस्टेबल अविनाश तिवारी को शनिवार को अपनी बीट बुक लेकर एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत होने का आदेश दिया गया था, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा।
इस बीच, बीकेटी के एक व्यक्ति ने गोमतीनगर थाने पहुंच कर अविनाश पर अपनी भतीजी को भगा ले जाने का आरोप लगाया।
एसओ उमेश बहादुर सिंह ने एसएसपी के पेशकार अश्वनी पांडेय से संपर्क किया तो पता चला कि अविनाश ड्यूटी पर पहुंचा ही नहीं है।
विभिन्न स्थानों पर तलाश के बाद एसओ ने कांस्टेबल के ड्यूटी से नदारद होने की थाने के रोजनामचे (जीडी) में लिखापढ़ी की और एसएसपी को मामले की जानकारी दी।
एसओ गोमतीनगर उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि अविनाश के पिता अग्निशमन विभाग में तैनात थे।
सेवाकाल में उनकी मृत्यु पर अविनाश को नौकरी मिली थी। परिवार बीकेटी में रहता है। प्रेमप्रसंग की जानकारी मिली है, हालांकि कोई तहरीर नहीं मिली है।